शार्क क्या खाती हैं ?

‘दीदी, मैं एक अंग्रेज़ी फिल्म ‘द शार्क’ देख रहा था, जिसमें शार्र्क बीच पर स्नान कर रहे लोगों पर हमला करती है। क्या शार्क नरभक्षी होती है?’
‘तुम्हारे सवाल का जवाब देने से पहले मैं तुम्हें कुछ अन्य बातें बताना ज़रूरी समझती हूं।’
‘जी, बताएं।’
‘शार्क की अलग-अलग लगभग 250 प्रजातियां हैं, जिनकी लम्बाई 0.5 मीटर से लेकर 15 से 18 मीटर तक होती है और सबसे लम्बी जायंट व्हेल शार्क होती है।’
‘अच्छा।’
‘इनमें से लगभग 27 प्रकार की शार्क मनुष्यों पर भी हमलावर होने के लिए जानी जाती हैं, जिनमें शामिल हैं वाइट शार्क, हैमरहेड, टाइगर, लेमन, माको शार्क आदि।’ 
‘तो यह नरभक्षी शार्क हैं?’
‘नहीं। मैंने कहा कि ये इंसानों पर हमला कर देती हैं। लेकिन कोई शार्क फूड के तौर पर मनुष्य की तलाश नहीं करती है।’
‘फिर शार्क खाती क्या हैं?’
‘शार्क मुख्यत: कांटेदार मछली, स्क्विड, क्रसटेशियन जैसे झींगा व लॉबस्टर खाती हैं। शार्क कछुआ, डोल्फिन व पक्षी भी खाती हैं। कुछ शार्क अन्य प्रकार की शार्क को भी खा लेती हैं।’
‘शार्क अपना फूड तलाश कैसे करती है?’
‘पहले एक दिलचस्प बात यह सुनो कि जितनी बड़ी शार्क होगी, जैसे व्हेल शार्क, वह उतना ही छोटा फूड खायेगी। वह बहुत छोटी-छोटी मछली व अन्य छोटे जानवर खायेगी। जहां तक अपना फूड तलाश करने की बात है तो शार्क मुख्य रूप से अपनी नाक पर निर्भर करती है। शार्क को जितनी अधिक भूख होगी उतनी ही संवेदनशील उसकी नाक हो जाती है।’
‘और शार्क अपना शिकार किस तरह से करती है?’
‘आमतौर से शार्क अपने शिकार पर हमला करने से पहले उसके चक्कर काटती हैं। थ्रेशर शार्क अपनी लम्बी, घुमावदार दुम से अपने शिकार को घेरती है। वह अपनी दुम को झाड़ू की तरह इधर-उधर घूमाती है और कभी-कभी अपनी दुम से शिकार पर ज़ोर का प्रहार करती है। अक्सर शार्क का समूह खाते समय इतना उत्तेजित हो जाता है कि वह हर चीज़ को काट देता है। जितना वह काटता है उतना अधिक उत्तेजित हो जाता है। ऐसे में वह रबर टायर, टिन कैन आदि जो भी सामने आता है उसे खा लेता है। यह फीडिंग फ्रेंज़ी है जिसमें सबसे छोटी शार्क भी बहुत खतरनाक हो जाती है।

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 


 

#शार्क क्या खाती हैं ?