आज पीएम मोदी करेंगे रिफाइनरी का उद्घाटन

जयपुर, 4 जुलाई - बालोतरा के पचपदरा में बनी एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी केवल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने वाली परियोजना नहीं है, बल्कि इंजीनियरिंग और निर्माण क्षमता का भी एक अनूठा उदाहरण बनकर सामने आई है। करीब 79,459 करोड़ रुपए के निवेश से तैयार इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान 1.5 करोड़ घन मीटर मिट्टी हटाई गई, जो लगभग 15 हजार ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल भरने के बराबर है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार यह खुदाई गीजा के पिरामिड के निर्माण से करीब छह गुना अधिक है।

रिफाइनरी के निर्माण में 16 लाख घन मीटर कंक्रीट का इस्तेमाल किया गया, जो बुर्ज खलीफा के निर्माण में लगे कंक्रीट से लगभग पांच गुना अधिक है। वहीं करीब 3 लाख मीट्रिक टन स्टील का उपयोग हुआ, जो एफिल टॉवर में इस्तेमाल स्टील से करीब 40 गुना ज्यादा है। पूरे परिसर में 28 हजार किलोमीटर लंबी केबल बिछाई गई है, जिसकी लंबाई पृथ्वी के व्यास से भी दोगुनी है। इसके अलावा रिफाइनरी में बना 125 मीटर ऊंचा कोक डोम अपनी तरह का अनूठा ढांचा है, जिसे गोल गुम्बज से लगभग तीन गुना बड़ा बताया जाता है।

 
#पीएम मोदी
# रिफाइनरी