स्कूल से लेकर यूनिवर्सिटी तक पढ़ाए जाएंगे श्यामा प्रसाद मुखर्जी, CM शुभेंदु ने किया एलान
कोलकाता, 6 जुलाई - पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद् और राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को बड़ा एलान करते हुए कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य के स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक के पाठ्यक्रम में उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व और उनके राष्ट्रवादी विचारों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता स्थित मित्रा इंस्टीट्यूशन पहुंचकर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी विद्यालय में उन्होंने शिक्षा ग्रहण की थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में 'नेशन फर्स्ट' की भावना विकसित करना ही डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि देश को सर्वोपरि रखने का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलाव कर डॉ. मुखर्जी के जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके दृष्टिकोण को शामिल करेगी।

