बंगाल: CM शुभेंदु बोले- कांवड़ियों पर होगी हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा, श्रावण में मंदिरों में भी विशेष व्यवस्था
कोलकाता, 13 जुलाई - पश्चिम बंगाल सरकार ने श्रावण महीने में तारकेश्वर जाने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि मौसम अनुकूल रहने पर श्रावण के प्रत्येक सोमवार को कांवड़ लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं पर सरकारी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके साथ ही तारकेश्वर मंदिर और आसपास के धार्मिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुगली जिले के तारकेश्वर मंदिर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए शेओड़ाफुली से तारकेश्वर तक के मार्ग पर हर पांच किलोमीटर पर सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि वह स्वयं इस वर्ष श्रावणी मेले के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। राज्य सरकार तारकेश्वर तीर्थ क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

