यूपी के इस जिले में दो दिन स्कूल बंद: टूटा 46 साल का बारिश का रिकॉर्ड 

बरेली, 7 सितंबर - यूपी के बरेली में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण आठवीं तक के सभी विद्यालयों में दो दिन की छुट्टी की घोषणा की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिले के आठवीं तक के सभी स्कूलों (प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, यूपी बोर्ड/सीबीएसई/आईसीएसई से सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त) में आठ व नौ सितंबर को अवकाश रहेगा। प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूलों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 
 
जिले में रविवार दोपहर शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। 24 घंटे में 381.2 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, विभाग के पास वर्ष 1981 से अब तक का ब्योरा मौजूद है, लेकिन पहले कभी 24 घंटे में इतनी बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई। इससे पहले वर्ष 2005 में अधिकतम 267.2 मिमी बारिश हुई थी।

#यूपी
# स्कूल
# बारिश