ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज: अब पूर्व अफसरों ने जारी किया जनता का महाभियोग नोटिस
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर - नेताओं और राजनीतिक दलों के बाद अब नौकरशाहों ने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व केंद्रीय गृह सचिव जीके पिल्लई, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, कार्यकर्ता योगेंद्र यादव समेत पूर्व नौकरशाहों और अधिकार कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। समूह ने उनके खिलाफ चार पन्नों का जनता का महाभियोग नोटिस जारी किया। इसमें चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर छह आरोप लगाए गए हैं। समूह का कहना है कि ये आरोप सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि नागरिकों और नागरिक समाज की चिंता से जुड़े हैं।
समूह के सदस्यों के मुताबिक वे नोटिस देने चुनाव आयोग के कार्यालय जा रहे थे, लेकिन उन्हें वहां पहुंचने से रोक दिया गया। अधिकार कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पहले से पता था कि पूर्व नौकरशाहों का प्रतिनिधिमंडल वहां आने वाला है। उनके मुताबिक इस तरह की रोक कानून और संविधान का उल्लंघन है। नजीब जंग ने कहा कि पूर्व अफसरों ने अपने पूरे करियर में संविधान की रक्षा की शपथ ली है।

