जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई प्रदर्शनकारी और पंजाब के युवा हिरासत में
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर - देश की राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को राजनीतिक हलचल और तनाव का माहौल देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किए जाने के बाद पूरी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के जमावड़े को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अनुमति न मिलने के बावजूद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके पर ही रोक दिया।सुरक्षा बलों ने स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए मुस्तैदी दिखाते हुए कई प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया और पुलिस वाहनों में बैठाकर नजदीकी थानों में ले जाया गया। पूरे जंतर-मंतर इलाके को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है। इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए पंजाब के जालंधर/फिल्लौर इलाके से भी 'शहीद भगत सिंह नौजवान सभा' के कई युवा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे इन युवाओं को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि की इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती जारी है।

