पनामा में 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद फिर कांपी धरती, 6.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए
पनामा सिटी, 13 अक्टूबर- पनामा में आज सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 4 बजकर 50 मिनट 37 सेकंड पर आया। इसकी गहराई धरती की सतह से 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। शुरुआती रिपोर्ट में इस ताजा भूकंप से हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात पनामा में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इसके बाद भी लगातार कई झटके महसूस किए गए। आपातकालीन संचालन केंद्र के निदेशक के मुताबिक, मुख्य भूकंप के बाद 147 झटके दर्ज किए गए, जिनमें कुछ की तीव्रता 6.1 से 6.6 तक रही।
भूकंप का असर पनामा की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। एहतियात के तौर पर देश की दो मेट्रो लाइनों पर सेवाएं रोक दी गईं। वहीं, मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। हालांकि, बाद में हवाई अड्डे पर परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।

