सर्दियों में भी पाएं खिली-खिली त्वचा 

वैसे तो हर मौसम में त्वचा की देखरेख करना आवश्यक है पर सर्दियों की सर्द हवाओं से इसे बचा कर रखना मुश्किल होता है। अगर हम थोड़ा-सा ध्यान रखें तो हम सर्दियों में भी अपनी त्वचा खिली-खिली रख सकते हैं। खुश्क त्वचा होने पर साबुन का प्रयोग न करें, साबुन के प्रयोग से त्वचा अधिक खुश्क होगी। अच्छे क्लीजिंग जैल से त्वचा की सफाई करें। चेहरे पर विटामिन ए युक्त क्रीम का प्रयोग करें। ध्यान रखें, चेहरे और गर्दन पर क्रीम लगाते समय हाथों की दिशा बाहर की ओर तथा ऊपर की ओर करके क्रीम लगाएं। खुश्क और साधारण त्वचा वाले रात्रि में सोने से पहले क्रीम को गीली रूई से प्रतिदिन साफ करें। सर्दियों में सर्द हवाओं से बचने के लिए कान ढककर रखें। त्वचा पर अधिक कैमिकल्स वाली क्रीम न लगाएं, न ही अधिक बार ब्लीच करें। ये सब त्वचा को नुकसान पहुंचाती हैं। चेहरे और खुली त्वचा पर विंटर केयर लोशन का प्रयोग करें ताकि त्वचा पर सर्द हवाएं प्रभाव न डालें। सर्दियों में नहाने से पूर्व पानी में तेल की चार छ: बूंदें डालें ताकि त्वचा में प्राकृतिक नमी (आर्द्रता) बनी रहे।  सर्दियों में गर्दन की, हाथों पैरों और बाजू की त्वचा को नज़रअंदाज न करें। शरीर के इन अंगों पर ऑलिव ऑयल या किसी अच्छी त्वचा क्रीम से मालिश करना न भूलें। जब भी चेहरे पर फेस पैक लगाएं तो गर्दन पर भी उसे ज़रूर लगाएं नहीं तो चेहरे और गर्दन के रंग में अंतर आ जाएगा। रात्रि में सोने से पहले हाथों, बाजुओं और पैरों पर कोल्डक्रीम या कोई भी बॉडी लोशन लगाना न भूलें।
 सर्दियों में होंठों की त्वचा भी खुश्क होने के कारण फट जाती है, जिससे चेहरे की सुंदरता खराब लगती है। होंठों पर नियमित रूप से मलाई का प्रयोग करें ताकि होंठ गुलाबी बने रहें। होंठों पर आई पपड़ी को कभी भी खींचकर न निकालें। त्वचा को खिला-खिला रखने के लिए चेहरे, गर्दन और खुली त्वचा पर गाजर का रस लगाएं। सूख जाने पर गुनगुने पानी से धो लें। त्वचा को रेशम बनाने के लिए सूखे संतरे के छिलकों को पीसकर पाउडर बना लें। उस में गुलाब जल, बेसन, हल्दी बनाकर पेस्ट तैयार कर लें। फिर चेहरे और गर्दन पर लगा कर सूख जाने पर गुनगुने पानी से धो लें।
 नहाने से पूर्व अपने शरीर पर हल्के हाथों से तेल की तरह शहद की मालिश करें और नहाने के बाद माश्चराइजर का प्रयोग करें। तेज धूप में बाहर जाना भी पड़े तो 15 मिनट पहले खुली त्वचा पर सनस्क्रीन लोशन लगा लें ताकि त्वचा उसे सोख ले। (उर्वशी)

#सर्दियों में भी पाएं खिली-खिली त्वचा