कुलगाम हमला: आतंकियों ने दागी थीं आर्मर-पियर्सिंग गोलियां, सामने आई नई जानकारी
कुलगाम, 13 नवंबर - कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नाके पर हुए आतंकी हमले की शुरूआती जांच में बेहद गंभीर और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान मिले सबूतों से यह खुलासा हुआ है कि आतंकवादियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद घातक आर्मर-पियर्सिंग गोलियों का इस्तेमाल किया था।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ये गोलियां इतनी शक्तिशाली थीं कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों के बॉडी आर्मर (बुलेटप्रूफ जैकेट) को भी भेद दिया। इसी वजह से सुरक्षा कवच पहने होने के बावजूद जवानों को गंभीर चोटें आईं।
शुरुआती फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच में इस बात की भी पुष्टि किसी हद तक हुई है कि हमलावरों ने इस हमले में एके-47 राइफलों का उपयोग किया था। हालांकि एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक आर्मर-पियर्सिंग गोलियों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं, आगे जांच पूरी होने पर ही औपचारिक पुष्टि हो पाएगी।
आर्मर-पियर्सिंग बुलेट्स विशेष रूप से बुलेटप्रूफ जैकेट, बख्तरबंद गाड़ियों और सुरक्षा कवच को चीरने के लिए बनाई जाती हैं। इनके अगले हिस्से में बेहद सख्त धातु (जैसे स्टील या टंगस्टन) की कोर लगी होती है, जो सामान्य गोलियों के मुकाबले कहीं अधिक घातक होती है।

