दांडी का राष्ट्र्रीय नमक सत्याग्रह स्मारक एवं संग्रहालय

आंदोलन के कारण दांडी गांव का नाम विश्व मानचित्र में अंकित हुआ है। महात्मा गांधी ने यहाँ नमक सत्याग्रह कर दुनिया का ध्यान खींचा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहाँ राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह स्मारक एवं संग्रहालय का निर्माण कराकर गांधी की याद को अमर किया है। दांडी पहुँचने पर जो देखा और अनुभव किया वह वास्तव में अविसमरणीय है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। भारत के आधुनिक इतिहास का सबसे चर्चित गाँव दांडी है। पिछले 85 बरस से दुनियाभर में उसकी एक ऐसी पहचान है, जो मिटना तो दूर कभी धूमिल भी नहीं पड़ी। विश्व प्रसिद्ध दांडी गुजरात के शहर नवसारी से 16 किमी. दूर स्थित है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने 1930 में यहीं से अंग्रेजों के खिलाफ  नमक सत्याग्रह की शुरुआत की थी। अंग्रेजों ने नमक उत्पादन और उसके विक्रय पर भारी मात्रा में कर लगा दिया था। जिससे उसकी कीमत कई गुना तक बढ़ गई थी। अंग्रेजी शासन के दौरान भारत की अधिकतर गरीब जनसंख्या के खाने का नमक ही एक सहारा बचा था। उस पर भी अधिक कर होने से वे उसे खरीद पाने में असमर्थ थे। गांधी जी ने नमक कानून के खिलाफ  1930 में 12 मार्च से 6 अप्रैल तक साबरमती से दांडी तक पदयात्रा निकाली थी। जिसे दांडी मार्च कहा जाता है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने बापू का साथ दिया था। इस ऐतिहासिक मार्च को जीवंत करने के उद्देश्य से ये स्मारक बनाया गया है। यहां प्रतिमाओं के अलावा एक म्यूजियम और गैस्ट हाऊस भी है, जहां लोग ठहर सकते हैं। दांडी में 110 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह स्मारक तैयार किया गया है। यह स्मारक भारत के भीतर नमक बनाने और उसकी बिक्री पर ब्रिटिश सरकार की मनमानी कर वसूली के खिलाफ  सविनय अवज्ञा आंदोलन को गरिमामय तरीके से याद करता है। ये स्मारक 15 एकड़ भूमि पर बनाया गया है। समारक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 18 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई गई है। इसके अलावा यहां खारे पानी के कृत्रिम तालाब भी बनाए गए हैं। यहां नमक बनाने के लिए सोलर मेकिंग बिल्डिंग वाले 14 जार भी रखे गए हैं। 80 दांडी यात्रियों की सिलिकॉन ब्रांज की मूर्तियां 42 मूर्तिकारों ने बनाई हैं जिनमें अलग-अलग देशों के नौ मूर्तिकार शामिल हैं। 24 भित्तिचित्र और सिलिकॉन कांस्य का ढांचा लगभग दो दर्जन कलाकारों ने तैयार किया था। मैमोरियल में गांधी की पांच मीटर ऊंची एक प्रतिमा है जिसके हाथ में छड़ी है। यद्यपि इस स्मारक के हर कोने में देखने योग्य कुछ न कुछ बहुत खास चीज़ है, लेकिन यहां का सबसे खास आकर्षण हैं गांधी जी के नेतृत्व में आए 80 सत्याग्रहियों की प्रतिमाएं।

-मो.- 89495-19406