दुबई : संकट में फंसे 100 नौसेनिकों की भारत वापसी 

दुबई, 25 अगस्त (भाषा): भारतीय राजनयिक मिशन ने यहां बताया कि इस साल जुलाई अंत तक संकट में फंसे 100 नौसेनिकों को भारत वापस भेजा गया है। मीडिया खबरों में यह दावा किया गया है। दुबई में भारत के महावाणिज्यदूत विपुल ने ‘खलीज टाइम्स’ से कहा कि मिशन की प्राथमिकता सबसे अधिक संकटग्रस्त की सर्वप्रथम मदद है। विपुल ने कहा, ‘‘ भारतीय समुदाय कल्याण कोष (आई सीडब्ल्यूएफ) के वाणिज्य दूतावास ने इस साल जुलाई तक लगभग 375 लोगों को हवाई टिकट प्रदान किए हैं। विदेश में हर भारतीय के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है, विशेष रूप से संकटग्रस्त लोगों के।’’ उन्होंने बताया कि वाणिज्य दूतावास ने 52 लोगों की अस्थियों को स्वदेश भेजने में मदद की है। 28 चिकित्सीय मामलों में मदद की और 600 कर्मचारियों को गुज़र-बसर के लिए सहायता प्रदान की। खबरों के अनुसार इस साल जुलाई अंत तक संकट में फंसे 100 नौसेनिकों को भारत वापस भेजा गया है। विपुल ने उनके हर प्रयास में मदद करने के लिए स्थानीय अधिकारियों का शुक्रिया भी अदा किया।