कोहली से मिलने की ख्वाहिश के साथ मैदान में घुसा प्रशंसक

इंदौर (मध्यप्रदेश), 16 नवम्बर (भाषा) : भारतीय कप्तान विराट कोहली से मिलने की ख्वाहिश के साथ शनिवार को यहां 22 वर्षीय युवक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए होलकर स्टेडियम के मैदान में घुस गया। इस वक्त स्टेडियम में भारत-बांग्लादेश टैस्ट मैच चल रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतराष्ट्रीय मैच के दौरान मैदान में घुसे युवक पर नज़र पड़ते ही उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक अपना नाम सूरज बिष्ट (22) बता रहा है। वह खुद को उत्तराखंड का मूल निवासी बता रहा है। उसने दावा किया कि वह इंदौर के भंवरकुआं इलाके में खाना बनाने का काम करता है। अधिकारियों के मुताबिक शुरूआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कोहली का बड़ा प्रशंसक है और भारतीय कप्तान से मिलने की ख्वाहिश के साथ दर्शक दीर्घा की जाली फांदकर मैदान में घुसा था। उन्होंने बताया कि युवक ने कोहली का नाम छपी टी-शर्ट पहन रखी थी। उसने अपने हाथ पर कोहली के नाम का टैटू भी बनवा रखा था। विराट कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा बार पारी से टैस्ट मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। यह कोहली की कप्तान के तौर पर 10वीं पारी से जीत है। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी, सौरभ गांगुली और मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ा है। धोनी ने नौ बार अपनी कप्तानी में भारत को पारी से जीत दिलाई थी। अजहर ने आठ बार जबकि गांगुली ने सात बार अपनी कप्तानी में भारत को इस तरह से जीत दिलाई थी।