विश्व में सबसे बड़ा पशु कौन-सा है ?

‘दीदी, संसार में आज तक डायनासोर से बड़ा जानवर भी कोई हुआ है?’
‘जब हम प्राचीन समय के बारे में सोचते हैं तो विशाल प्राणियों का ज़िक्र आते ही डायनासोर की कल्पना करने लगते हैं कि उनसे बड़ा जानवर पृथ्वी पर कभी रहा ही नहीं। लेकिन यह बात सही नहीं है।’
‘क्यों?’
‘चूंकि तथ्य यह है कि जो आकार में सबसे बड़ा डायनासोर था, वह भी उस पशु से छोटा था, जो आज भी संसार में पाया जाता है।’
‘क्या बात कर रही हैं आप!’
‘मैं एकदम सही कह रही हूं।’
‘तो वह कौन सा जानवर है?’
‘पृथ्वी पर आज तक जो सबसे बड़ा जानवर रहा है और जो आज भी मौजूद है, वह बालीन व्हेल है। इसकी ही एक प्रजाति ब्लू व्हेल है, जो 30मी लम्बी व 110 टन वज़न की हो सकती है।’
‘तो क्या कोई डायनासोर इससे बड़ा नहीं हुआ?’
‘जो सबसे भारी डायनासोर था वह भी संभवत: 45 टन से अधिक नहीं था और वह लगभग 27मी लम्बा था।’
‘व्हेल तो पानी में रहती है।’
‘हां, लेकिन ज़मीन पर रहने वाला सबसे बड़ा जानवर हाथी है। जिस सबसे बड़े हाथी के रिकॉर्ड मिलते हैं, वह लगभग 10 टन का था और कंधों तक की उसकी ऊंचाई 4मी की थी।’
‘हाथी के बाद ज़मीन पर सबसे बड़ा जानवर कौन सा है?’
‘कुछ लोग गैंडे को समझते हैं लेकिन ऐसे मामले प्रकाश में आये हैं कि कद में छोटा होने के बावजूद दरयाई घोड़ा गैंडे से वज़न में अधिक था। एक दरयाई घोड़ा 3,900 किलो का तोला गया था।’
‘व्हेल तो मैमल या स्तनधारी है।’
‘हां, वह मछली नहीं है। सबसे बड़ी मछली व्हेल शार्क है, जो 18 से 21 मीटर तक की हो जाती है और उसका वज़न लगभग 12 टन होता है। सबसे बड़ा सांप एनाकोंडा है, 10 से 12 मी लम्बा और लगभग 450 किलो का। सबसे बड़ा जीवित पक्षी अफ्रीकन ओस्ट्रिच है, जो 2.5 मी ऊंचा व 135 किलो का होता है।’
 

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर