खिलाड़ियों के साथ अनाधिकृत लोगों की मौजूदगी पर बीसीसीआई सख्त, सभी टीमों को जारी होगी एडवाइजरी

नई दिल्ली, 7 मई - भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी से जुड़े प्रोटोकॉल के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि कुछ फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के व्यवहार में अनियमितताएं सामने आई हैं, जिन्हें बोर्ड गंभीरता से देख रहा है।
सैकिया के मुताबिक, बीसीसीआई ने यह पाया है कि कुछ अनाधिकृत लोग खिलाड़ियों के साथ यात्रा कर रहे हैं। इनमें टीम बसों में सफर करना और टीम होटलों में प्रवेश जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह तय प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। बीसीसीआई सचिव ने साफ किया कि सभी फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के लिए जल्द ही एक एडवाइजरी जारी की जाएगी, ताकि सुरक्षा और संचालन से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा, 'कुछ तय प्रोटोकॉल हैं, और अगर कोई उनका पालन नहीं करता है, तो बीसीसीआई उचित कार्रवाई करेगा।'
हालांकि, बोर्ड की ओर से फिलहाल किसी विशेष फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी या व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि यह कदम खिलाड़ियों की सुरक्षा, टीम अनुशासन और टूर्नामेंट संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

 
#खिलाड़ियों
# बीसीसीआई
# एडवाइजरी