विश्व की विचित्र एवं रहस्यमयी नदियां

नदियों का जाल सारे विश्व में फैला हुआ है। विभिन्न प्रकृति की नदियां यहां विद्यमान हैं। नदियां धरती को हरियाली का वरदान देती हैं। मानव सभ्यता नदियों के जल के बिना निष्प्राण है। कल-कल की आवाज कर बहती हुई ये नदियां मानव हृदय को पुलकित करती हैं। इन नदियों को प्रकृति ने कुछ विशेषताएं भी प्रदत्त की हैं। इन विशेषताओं के कारण ये नदियां आश्चर्यजनक एवं रहस्यमयी बन गयी हैं। इन रहस्यमयी नदियों को देखकर मानव दांतों तले उंगली दबाने को विवश हो जाता है।
इन्हीं रहस्यमयी नदियों में अमरीका के नेवरास्का क्षेत्र में एक नदी है। इस नदी का जल मिठास के मामले में शहद को भी मात देता है। सन् 1930 में इस नदी की खोज की गयी थी। दिनों-दिन यह नदी बढ़ती जा रही है। वैज्ञानिक इसकी मिठास के रहस्य की खोज में लगे हुए हैं। शायद भविष्य में वे इस रहस्य को उजागर कर सकें।
चिली तथा अर्जेंटीना देशों के मध्य ‘रायओप विनाग्र’ नामक एक नदी बहती है। इस नदी का जल नींबू की तरह खट्टा है। वहां के लोग इसके जल में शक्कर या नमक मिलाकर शर्बत के रूप में इसका लुत्फ उठाते हैं।
अफ्रीका में एक विचित्र नदी है। ‘एगारीन्यर्की’ नामक यह नदी भूरे रंग की है। इसके भूरे रंग के जल का स्वाद बीयर जैसा है। जांच करने पर इसमें अल्कोहल का अंश बिल्कुल भी नहीं पाया गया। शराब के स्वाद वाले इस जल को पीने से नशा भी बिल्कुल नहीं आता। वहां के लोग कीटाणु होने का भ्रम होने के कारण इसे उबाल कर पीते हैं। स्पेन में खूनी नदी के नाम से विख्यात एक नदी है। ‘रिओरिरो’ नामक इस नदी के पानी में एक ऐसा खनिज तत्व पाया जाता है जो हवा के सम्पर्क में आते ही पूरी नदी के पानी को लाल रंग में बदल देता है। उस क्षेत्र में तेज हवाएं जितनी भी चलती हैं, नदी भी उतनी ही लाल हो जाती है। लगभग आठ दशक पूर्व फ्रांसीसी वैज्ञानिकों ने अल्जीरिया में एक ऐसी नदी की खोज की थी जिसका रंग स्याही के समान गहरा नीला था। शोधकर्ताओं के अनुसार इसके जल का यह रंग लोहा तथा लेड ऑक्साइड के रसायनिक मिश्रण का कारण है। यहां की धरती पर ये दोनों तत्व प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं।
मसाईलैंड की काली नदी तथा चीन की पीली नदी अपने प्राकृतिक रंगों की सुंदरता के लिए सारे विश्व में प्रसिद्ध हैं। आस्ट्रिया की नदी ब्लू डेन्यूब एक नीले जल की नदी है। इस नदी में दो अन्य नदियां, भूरी इल्ज नदी और पीली इन नदी मिल जाती है। संगम स्थल से काफी दूर तक इन नदियों को तिरंगी पट्टी के रूप में देखा जा सकता है। लोग इस तिरंगे सौन्दर्य को देखकर मंत्रमुग्ध हुए बिना नहीं रहते।
हमारा विश्व इन असंख्य रहस्यमयी एवं विचित्र नदियों से भरा हुआ है। काली, पीली, नीली और सफेद रंग की ये नदियां अपने सौंदर्य से प्रकृति को और अधिक आकर्षक बनाती हैं। इनके रंग परिवर्तन का कारण पृथ्वी पर पाये जाने वाले रासायनिक तत्व भी हो सकते हैं। (उर्वशी)

#विश्व की विचित्र एवं रहस्यमयी नदियां