ओमेगा-3 फैटी एसिड्स के शाकाहारी स्रोत क्या हैं ?

‘दीदी, ओमेगा-3 फैटी एसिड्स हमारे लिए क्यों ज़रूरी है?’
‘चूंकि ये दिमाग, दिल, आंख आदि के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं।’
‘लेकिन यह तो मछलियों से मिलता है।’ 
‘हां।’ 
‘अगर कोई शाकाहारी हो, किसी को मछली पसंद न हों या मछली से एलर्जी हो, तो वह क्या करे।’
‘पौधे आधारित फूड्स में भी ओमेगा-3 होता है, जिसे एएलए कहते हैं।’ 
‘वह कौन-कौन से फूड्स हैं?’
‘फ्लेक्स सीड आयल के एक टेबलस्पून में 7.26 ग्राम एएलए होता है। यह त्वचा, कोलेस्ट्रोल कम करने और पाचन को बेहतर करने में भी काम आता है। इसे सलाद पर डालकर भी खाया जा सकता है।’ 
‘अच्छा!’
‘एक औंस चिया सीड्स में 5.05 ग्राम एएलए होता है। साथ ही इनमें प्रोटीन, विटामिन व मिनरल भी होते हैं।’
‘यह तो पौष्टिकता का सम्पूर्ण स्रोत हो गया।’ 
‘हां। इसी तरह हेम्प सीड्स के एक टेबलस्पून में 2.6 ग्राम एएलए के अतिरिक्त प्रोटीन, मैग्नीशियम व पोटैशियम भी होता है।’ 
‘किसी ड्राई फ्रूट में एएलए नहीं होता क्या, जिसे आसानी से खाया जा सके।’
‘एक औंस अखरोट में 2.57 ग्राम एएलए होता है और साथ ही यह पोलीफिनॉल्स, शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंटस का भी शानदार स्रोत हैं, जिनसे सूजन, खराब कोलेस्ट्रोल आदि कम होते हैं।’ 
‘इनके अलावा और क्या एएलए के अच्छे स्रोत हैं?’
‘सोयाबीन तेल के एक टेबलस्पून में 0.92 एएलए होता है और अलगल आयल सप्लीमेंट्स में भी एएलए होता है।’
‘वैसे एक व्यक्ति को दिन में कितना एएलए चाहिए होता है?’
‘नेशनल इंस्टिट्यूट ऑ़फ हेल्थ ने ओमेगा-3 फैटी एसिड्स की मात्रा तो निर्धारित नहीं की है, लेकिन एएलए के बारे में बताया है कि वयस्क पुरुष को दिन में 1.6 ग्राम, वयस्क महिला को दिन में 1.1 ग्राम और गर्भधारण (1.4 ग्राम) व स्तनपान (1.3 ग्राम) के दौरान इसकी मात्रा बढ़ जाती है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#ओमेगा-3 फैटी एसिड्स के शाकाहारी स्रोत क्या हैं ?