अतीत से भविष्य ज्यादा महत्वपूर्ण है : लियोनेल मेसी

अर्जेंटीना के फुटबाल सुपरस्टार लियोनेल मेसी का कहना है कि उसकी टीम को बहुत कठिन समय का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा क्योंकि प्रतिद्वंदी टीमें उनको मौजूदा चैम्पियन होने के कारण कड़ी टक्कर देंगी। उसका मानना है कि हमारा ग्रुप ऊंची उम्मीदें रखने वाले बेमिसाल खिलाड़ियों से भरा हुआ है, जो और ज्यादा सफलता के लिए भूखे हैं; उन्होंने मुख्य कोच सकालोनी की प्रशंसा भी की है।
अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने 2022 फीफा वर्ल्ड कप जीतने के बारे में बात करते हुए अमरीका में होने वाले 2026 के शो-पीस में खिताब का बचाव करने की उम्मीद जताई है। इंटरव्यू के अंश:
* कतर में 18 दिसम्बर, 2022 की रात कितनी महत्वपूर्ण थी?
-मेसी ने बताया कि यह रात हम सभी के लिए सबसे खास रातों में से एक थी, जबकि मेरे और हमारी टीम के लिए यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण रात थी। हमने 1986 के बाद दोबारा वर्ल्ड कप जीतने के लिए इसके हर एडीशन में कड़ी कोशिश की, परन्तु हमें हर बार खाली हाथ वापिस लौटना पड़ा था। पर लुसैन स्टेडियम में उस रात हमारा सभी का वह सपना सच हो गया, जिसके लिए हमें 36 वर्ष तक लम्बा इंतजार करना पड़ा था। इसलिए इस जीत ने इसको और भी खास बना दिया था।
* आपके नेतृत्व में अर्जेंटीना एक और वर्ल्ड कप खेलेगा। आप पहली बार इस टूर्नामैंट में एक डिफैंडिंग चैम्पियन के रूप में दाखिल होगे, क्या आप पर इसका दबाव होगा?
-अर्जेंटीना के लिए खेलना मेरे लिए हमेशा गर्व की बात रही है। मैं इसके हर पल का आनंद लेता हूं। हां, कई बार ऐसा भी हुआ जब हम बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, परन्तु हम मैदान पर हमेशा अपनी ओर से सबसे अच्छा करने की कोशिश करते हैं। हमारे लिए पिछले कुछ साल बहुत ही शानदार रहे हैं क्योंकि हम 3 बड़े टूर्नामैंट जीते हैं, दो बार कोपा अमरीका और पिछली बार वर्ल्ड कप जीता था। इसलिए सच में बहुत अच्छा महसूस हो रहा है क्योंकि अपने देश के लिए कुछ प्राप्त करना हमेशा बहुत अच्छा होता है। अब हम दोबारा यह सब कुछ दोहराने की कोशिश करेंगे। हालांकि इस बार सब चीज़ें बिल्कुल अलग होंगी क्योंकि हमारे विरोधी हमारे साथ डिफैंडिंग चैम्पियन के तौर पर मुकाबला करेंगे और हमें हर समय मुश्किल चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
* अर्जेंटीना के लिए वर्ल्ड कप जीतना हमेशा कोच और कप्तान दोनों के बीच एक खास तरह के बंधन को उजागर करता है। लुईस सीज़र मेनोटी के पास डेनियल पासरेला था, जबकि कारलोस बिलारडो का पसंदीदा खिलाड़ी डिएगो माराडोना था। क्या आपका भी लियोनल सकालोनी के साथ ऐसा ही रिश्ता है?
-खैर, हम 2006 वर्ल्ड कप दौरान टीममेट थे, जहां सकालोनी मेरे से बहुत सीनियर थे और मैं उनके सामने लगभग एक बच्चा था। वह एक बहुत बढ़िया टीममेट थे और हमेशा दूसरों को उत्साहित करते थे। वह टीम के मैनेजर के तौर पर बहुत ही बदल गये हैं, परन्तु उनका काम करने का तरीका अभी भी वही है। वह टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ सीधे तौर पर बात करके उनको समझाते हैं कि उनको क्या परिणाम चाहिए। यह सचमुच बहुत अच्छा है। वह अच्छी तरह जानते हैं कि मैच से पहले और मैच दौरान क्या करना है, उनका दृष्टिकोण पूरी टीम की तरह हमेशा बिल्कुल स्पष्ट होता है। मैं जब भी उनके साथ बात करता हूं तो वही अपनापन महसूस होता है।
* क्या अर्जेंटीना जीत बरकरार रख सकेगा?
-कोई भी ऐसा नहीं कह सकता! यह वर्ल्ड कप है, सबसे बड़ा फुटबाल टूर्नामैंट और प्रत्येक टीम इसको जीतने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेगी। हां, हम भी उसी प्रबलता के साथ तैयारी कर रहे हैं और अपनी ओर से सबसे अच्छा खेलने की कोशिश करेंगे। परन्तु फुटबाल के खेल में आप कोई भी अंदाज़ा नहीं लगा सकते। हमारे पास बेमिसाल खिलाड़ियों की एक मज़बूत टीम है, जो हर सफलता के लिए भूखे हैं। वह चैम्पियन हैं, परन्तु वह इस बार और खिताब चाहते हैं। यही जज्बा डै्रसिंग रूम में शानदार माहौल बनाता है और इसके लिए फिर से सकालोनी और उनकी टीम प्रशंसा की पात्र है।
* अर्जेंटीना के प्रशंसक ज़रूर एक और सफलता की उम्मीद कर रहे होंगे?
-यह बहुत स्वाभाविक है, मैं इसको अच्छी तरह जानता हूं। यदि आपको याद हो तो कतर में (साऊदी अरब से) पहला मैच हारने के बाद मैंने प्रशंसकों को बार-बार हमारा समर्थन करने के लिए कहा था क्योंकि अपने साथियों को मैं बहुत अच्छी तरह से जानता था और उनकी योग्यताओं में विश्वास रखता था। जब हमारे प्रशंसक हमारे साथ जुड़े रहे तो हम कप जीतने की अपनी कोशिश में कामयाब हो गये। वह हमारे से दोबारा ऐसा करने की उम्मीद कर रहे हैं, परन्तु यह कभी भी इतना आसान नहीं होता है। मेरे लिए भी भविष्य अतीत से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। हम हमेशा की तरह अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन देने का वायदा करते हैं। आगे जो भी होना है वह देखना बाकी है।
क्या वह पुन: ऐसा कर सकेंगे? मेसी जो अपना 6वां वर्ल्ड कप खेल रहे हैं, एक और खिताब जीतना चाहेंगे।
(पेशेवर प्रबंधन समूह)

#अतीत से भविष्य ज्यादा महत्वपूर्ण है : लियोनेल मेसी