डिजिटल भारत पर साइबर अपराध का साया

जनवरी 2026 में दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया था, जिसने खुद को आतंकवाद निरोधक अधिकारियों के रूप में प्रस्तुत कर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की। इसी दौरान राजधानी में चीनी ऐप्स के माध्यम से ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की घटनाएं भी सामने आईं। ये घटनाएं केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं हैं, बल्कि इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि डिजिटल युग में अपराध का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। आज अपराधी बंदूक नहीं, बल्कि मोबाइल फोन, लैपटॉप और इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में साइबर अपराध केवल आर्थिक नुकसान का विषय नहीं रह गया, बल्कि यह देश की सुरक्षा, सामाजिक विश्वास और आर्थिक विकास के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। यूपीआई ने भुगतान व्यवस्था को सरल बनाया है, आधार ने पहचान को मज़बूत किया है और सरकारी सेवाएं तेज़ी से ऑनलाइन हुई हैं। डिजिटल क्रांति ने आम नागरिक का जीवन आसान बनाया है, लेकिन हर नई सुविधा अपने साथ कुछ नई चुनौतियां भी लेकर आती है। जिस इंटरनेट ने दूरियां मिटाईं, उसी ने अपराधियों को भी सीमाओं से परे जाकर अपराध करने की ताकत दे दी। यही कारण है कि साइबर अपराधों की संख्या और उनसे होने वाला आर्थिक नुकसान लगातार बढ़ रहा है।
साइबर अपराध की सबसे चिंताजनक विशेषता यह है कि इसकी कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती। दुनिया के कई देशों में बैठे अपराधी भारत के नागरिकों को अपना निशाना बना रहे हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ क्षेत्रों में संगठित साइबर ठगी के ऐसे नेटवर्क विकसित हो चुके हैं, जहां हज़ारों लोग औद्योगिक स्तर पर ऑनलाइन ठगी का कारोबार चला रहे हैं। कई बार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर इन ठगी केंद्रों में पहुंचाया जाता है और फिर उनसे दुनिया भर के लोगों को फर्जी कॉल, नकली निवेश योजनाओं और डिजिटल गिरफ्तारी जैसे हथकंडों के माध्यम से ठगा जाता है। यह अपराध अब संगठित अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क का रूप ले चुका है।
भारत में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले साइबर अपराधों में ‘डिजिटल अरेस्ट’ सबसे खतरनाक माना जा रहा है। इसमें अपराधी स्वयं को पुलिस, सीबीआई, कस्टम या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं। वीडियो कॉल पर नकली पहचान दिखाकर यह विश्वास दिलाया जाता है कि उनका आधार कार्ड किसी अपराध में इस्तेमाल हुआ है। भय और घबराहट में लोग अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी अपराधियों के खातों में भेज देते हैं। यह अपराध केवल आर्थिक नहीं, बल्कि मानसिक शोषण का भी उदाहरण है, क्योंकि इसमें पीड़ित के मनोविज्ञान का लाभ उठाया जाता है। साइबर अपराध का दूसरा बड़ा रूप निवेश संबंधी धोखाधड़ी है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के माध्यम से लोगों को कम समय में अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता है। फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, नकली क्रिप्टो योजनाएं और बनावटी निवेश कंपनियां लोगों को आकर्षित करती हैं। शुरुआत में थोड़ा लाभ देकर विश्वास जीता जाता है और फिर बड़ी राशि निवेश कराने के बाद पूरा पैसा गायब कर दिया जाता है। ऐसे मामलों में मध्यम वर्ग और सेवानिवृत्त लोग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
साइबर अपराध केवल व्यक्तियों तक सीमित नहीं है। देश के अस्पताल, बैंक, सरकारी संस्थान और महत्वपूर्ण डिजिटल ढांचे भी इसके निशाने पर हैं। रैनसमवेयर हमलों में अपराधी संस्थानों का पूरा डेटा लॉक कर देते हैं और उसे खोलने के बदले भारी रकम की मांग करते हैं। यदि किसी अस्पताल, बिजली व्यवस्था, रेलवे या बैंकिंग प्रणाली पर ऐसा हमला सफल हो जाए तो उसका प्रभाव केवल आर्थिक नहीं, बल्कि जनजीवन पर भी गंभीर पड़ सकता है। इसलिए साइबर सुरक्षा अब राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है।
आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने साइबर अपराध को और अधिक जटिल बना दिया है। डीपफेक तकनीक के माध्यम से किसी भी व्यक्ति की आवाज़़ और चेहरा हूबहू तैयार किया जा सकता है। अपराधी परिवार के सदस्य, अधिकारी या परिचित बनकर लोगों को आसानी से धोखा दे रहे हैं। ऐसे वीडियो और ऑडियो देखकर सामान्य व्यक्ति के लिए असली और नकली में अंतर करना कठिन होता जा रहा है। इसलिए भविष्य की साइबर सुरक्षा केवल तकनीक पर नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों पर भी निर्भर करेगी। साइबर अपराध का सबसे बड़ा दुष्प्रभाव समाज में विश्वास का टूटना है। यदि लोगों को डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंकिंग, ई-गवर्नेंस और डिजिटल पहचान पर भरोसा नहीं रहेगा, तो डिजिटल अर्थव्यवस्था की गति भी धीमी पड़ जाएगी। एक सफल डिजिटल राष्ट्र केवल आधुनिक तकनीक से नहीं बनता, बल्कि उस तकनीक पर लोगों के विश्वास से बनता है। इसलिए साइबर सुरक्षा आर्थिक विकास की भी अनिवार्य शर्त है।
इस चुनौती से निपटने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, हेल्पलाइन 1930 और विभिन्न जांच एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। समय रहते शिकायत दर्ज होने पर कई मामलों में ठगी गई राशि को वापस भी दिलाया गया है। फिर भी अपराधियों की बदलती तकनीक को देखते हुए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज, निजी क्षेत्र और नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है। सबसे पहले देश में साइबर साक्षरता को जन आंदोलन बनाना होगा। डिजिटल सुरक्षा की जानकारी भी स्कूलों, कॉलेजों और कार्यस्थलों तक पहुंचानी होगी। लोगों को यह समझाना होगा कि कोई सरकारी अधिकारी वीडियो कॉल पर पैसे नहीं मांगता, कोई बैंक ओटीपी साझा करने के लिए नहीं कहता। आज विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में साइबर सुरक्षा को विशेष महत्व देना समय की मांग है। 
निजी कंपनियों को भी अपने नेटवर्क की सुरक्षा में निवेश बढ़ाना होगा, क्योंकि एक छोटी-सी चूक लाखों ग्राहकों की जानकारी को खतरे में डाल सकती है। (एजेंसी)

#डिजिटल भारत पर साइबर अपराध का साया