सागर और महासागर में क्या अंतर है ?
‘दीदी, सी और ओसियन में क्या अंतर है?’
‘सी सागर या समुद्र को कहते हैं और ओसियन महासागर को कहते हैं।’
‘यह तो इन दोनों शब्दों का अनुवाद हो गया, मैं इनका फर्क जानना चाहता हूं।’
‘दरअसल, दोनों सागर व महासागर ही खारे पानी के विशाल जल निकाय हैं, लेकिन आकार, गहराई और भूमि से निकटता के आधार पर दोनों में मुख्य अंतर होता है।’
‘और वह अंतर क्या है?’
‘महासागर पृथ्वी का सबसे बड़ा जल निकाय है। यह दुनिया के लगभग 71 प्रतिशत हिस्से को घेरता है। जबकि महासागरों की तुलना में सागर काफी छोटे होते हैं। इन्हें महासागर का ही एक छोटा हिस्सा माना जाता है, जो ज़मीन के पास होता है।’
‘एक महासागर की गहराई कितनी होती है?’
‘महासागर की औसत गहराई तकरीबन 3,600 से 3,800 मीटर होती है, जबकि इसके मुकाबले में सागर काफी कम गहरे होते हैं।’
‘और इन दोनों में भूमि से जुड़ाव को लेकर क्या अंतर होता है?’
‘महासागर किसी देश या भूमि से पूरी तरह घिरे नहीं होते बल्कि आपस में जुड़े हुए खुले पानी का विस्तार हैं, जबकि सागर आंशिक या पूर्ण रूप से ज़मीन (महाद्वीपों या तटों) से घिरे होते हैं। ये अक्सर ज़मीन और महासागर के मिलने की जगह पर पाये जाते हैं।’
‘क्या इनके खारेपन में भी अंतर होता है?’
‘महासागर में पानी का खारापन लगभग एक जैसा और संतुलित रहता है। दूसरी ओर सागर में वाष्पीकरण अधिक होने के कारण कुछ सागरों का पानी महासागरों से अधिक खारा होता है।’
‘वैसे पृथ्वी पर कितने सागर व महासागर हैं?’
‘पांच प्रमुख महासागर बड़े से छोटे आकार के क्रम में इस तरह से हैं- प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर, हिन्द महासागर, दक्षिणी महासागर और आर्कटिक महासागर। जहां तक सात समुद्र की बात है तो ऐतिहासिक रूप से इनका अर्थ अलग-अलग समय में अलग था, लेकिन आधुनिक भूगोल में ये पृथ्वी के प्रमुख 5 महासागरों के ही प्रमुख हिस्सों (उत्तरी और दक्षिणी भागों) को मिलाकर ही माने जाते हैं।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



