यूक्रेन में रेलवे स्टेशन पर ड्रोन से हमला: 14 की मौ.त, 11 साल का बच्चा भी घायल

कीव, 29 अक्टूबर - यूक्रेन के मध्य में स्थित निप्रो शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन के भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म पर रूस का जेट इंजन वाला ड्रोन गिरा। इस हमले में 14 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के प्रमुख ओलेक्सांद्र गांझा ने बताया कि हमले में कम से कम 14 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में 11 साल का एक लड़का भी शामिल है।
यूक्रेन के सरकारी रेलवे संचालक उक्रजालिज्नित्सिया ने बताया कि जब ड्रोन से हमला हुआ, तब निप्रो के एक प्लेटफॉर्म पर दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया जाने वाली यात्री ट्रेन खड़ी थी।

रूस की सेना ने इस पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। रूस ने यूक्रेन के बड़े रेलवे नेटवर्क पर कई बार हमले किए हैं। हालांकि, मॉस्को जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाने से इनकार करता है।
 

#यूक्रेन
# रेलवे स्टेशन