भदरवाह में कड़ाके की ठंड के बीच हाई अलर्ट: सुरक्षाबलों और SOG का कड़ा पहरा
जम्मू-कश्मीर, 17 नवंबर - कड़ाके की ठंड और शून्य से नीचे (-0) लुढ़कते पारे के बीच भी जम्मू-कश्मीर के भदरवाह में सुरक्षाबलों की चौकसी पूरी तरह से चाक-चौबंद है। हाड़ कंपा देने वाले इस चुनौतीपूर्ण मौसम और बर्फीले हालात की परवाह किए बिना, भारतीय सेना के जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) के कमांडो पूरी घाटी में लगातार गश्त कर रहे हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, विंटर सीजन और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे या नापाक हरकत को नाकाम करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। भदरवाह के ऊंचे पहाड़ी इलाकों और रास्तों पर जवान दिन-रात मुस्तैद रहकर फ्लैग मार्च और सघन पेट्रोलिंग कर रहे हैं।

