शिमला में नवंबर में अधिकतम तापमान का 31 साल का रिकॉर्ड टूटा  


शिमला, 25 नवंबर - जलवायु परिवर्तन का प्रभाव अब साफ नजर आने लगा है। गर्मी में भी सर्दी का अहसास कराने वाली पहाड़ों की रानी शिमला में नवंबर में अधिकतम तापमान का 31 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। दूसरी तरफ, बारिश की बेरुखी के कारण उत्तराखंड में भी ठंड का इंतजार लंबा हो चला है। हिमाचल प्रदेश के मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में भी मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला।
बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर के आसपास मंगलवार सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रहा। अगले दो दिन के लिए भी इस क्षेत्र में कोहरे का यलो अलर्ट है। वहीं, राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में दिनभर धूप खिली रही। शिमला में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले 15 नवंबर, 1995 को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस था।

#शिमला