पौष्टिक प्राकृतिक आहार है खजूर


खजूर एक उत्तम पौष्टिक प्राकृतिक आहार है। खजूर सर्दी के मौसम में हर जगह मिलता है। खजूर में जो मिठास है वह बच्चों, बड़ों, बूढ़ों सभी को स्वादिष्ट लगती है। खजूर में जो शर्करा होती है, वह सूर्य किरणों में पका हुआ सुपाच्य आहार है, जो शरीर में शीघ्र पच जाता है। शरीर को हृष्ट-पुष्ट करने के लिए खजूर एक अच्छा फल है।
खजूर हृदय के लिए शीतल, प्रिय तृप्ति कारक गुर, मधुर, कफ वातनाशक है। आयुर्वेद का मानना है कि खजूर हृदय असीम शक्ति प्रदान करता है। पूरे शरीर में होने वाली जलन को भी यह दूर करता है, चिकना और पचने में भारी होता है। यह लीवर की शक्ति प्रदान करता है। लकवा और सीने के दर्द की शिकायतों को दूर करने में भी खजूर सहायक है।
पिंडखजूर स्वादिष्ट, मधुर, पौष्टिक ग्राही, रक्त को शुद्ध करने वाला हृदय को बल प्रदान करने वाला, वात्त, पित्त, कफ, इन तीनों दोषों को हरण करने वाला, दर्द, सूजन, तृषा आदि कई व्याधियों को दूर करने वाला उपयोगी व गुणकारी 
फल है। 
हिमोग्लोबिन व लाल रक्त कणिकाओं की कमी वालों के लिए ये बहुत ही लाभदायक है, इसका उपयोग पाचनतंत्र को मज़बूत बनाता है आंतों की मांसपेशियों को 
शक्ति प्रदान करता है और मल निष्कासन में सहायक होता है।
इस प्रकार खजूर ऊर्जा और पौष्टिकता से भरपूर है। खजूर में कोलेस्ट्रोल बिल्कुल नहीं होता है, और फेट भी नामात्र की होती है। इसमें पोटेशियम काफी मात्रा में और सोडियम न के बराबर होता है। इसलिए यह हार्ट का दोस्त और नर्वस सिस्टम को दुरुस्त रखने वाला माना जाता है। इसमें मस्तिष्क की कार्य क्षमता बढ़ती है, इसमें मौजूद कार्बोज व कैलोरी के कारण यह वज़न बढ़ाने में सहायक है।
—खजूर के मौसम में 4/5 खजूर अच्छी प्रकार धोकर दूध में उबालें। यह दूध पीने से कफ पतला होकर खकार के रूप में बाहर निकलता है। फेफड़े साफ हो जाते हैं। सर्दी, खांसी, जुकाम, दमा का असर कम हो जाता है।
—तीन चार खजूर पानी से धोकर गुठली निकाल ले व दूध में उबालें। उबले हुए दूध को सुबह सायं पीने से निम्न रक्तचाप से छुटकारा मिल जाता है।
—खजूर में मौजूद फाइबर और एमिनोएसिड पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में सहायक है। रात भर खजूर को पानी में भिगो दें। सुबह इस पानी के साथ खजूर का सेवन पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाता है। पूरे मौसम में प्रयोग करें कब्ज़ की समस्या दूर हो जाती है।
—शरीर में लोह तत्त्व की कमी होने से एनीमिया (रक्त की कमी) हो जाती है, खजूर में बड़ी मात्रा में आयरन होता है। रात को दूध में खजूर उबाल कर पीने से रक्त की कमी दूर होती है, हिमोग्लोबिन का स्तर बढ़ जाता है। 
—खजूर में फ्लोरिन नामक मिनरल होता है, जो दांतों की समस्या को दूर करता है 
तथा दांतों को मजबूती प्रदान करता है।
—खजूर खाने से पेशाब के रोग भी दोर हो जाते हैं। बुजुर्गों में पेशाब संबंधी परेशानियों को दूर करने में खजूर सक्षम है। यदि बच्चा बिस्तर में पेशाब करता है तो उसे खजूर खिलाएं लाभ होगा।
—खजूर में हड्डियों को मजबूत रखने वाले कई तत्त्व पाये जाते हैं, जैसे सेलेनियम, कापर और मैग्नीशियम, कैल्शियम पाये जाते हैं। 
—खजूर गर्भवती महिलाओं के लिए भी 
अच्छा टानिक है। यह गर्भावस्था के अनेक रोगों को दूर करता है। 
सावधानी
खजूर को बाज़ार से लाएं तो इसकी स्वच्छता का ज़रूर ध्यान रखें, क्योंकि यह दुकानों व ठेलों पर खुली रहती है, जिसके कारण धूल के कण गंदगी व मक्खियां भिन्न-भिनाती  रहती हैं, अत: इनको अच्छी प्रकार धोकर ही प्रयोग में लाना चाहिए।
—अभय कुमार जैन