टोक्यो ओलम्पिक को लेकर विकल्पों पर हो रहा है विचार

टोक्यो, 22 मार्च (वार्ता) : वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस के खतरे के कारण टोक्यो ओलम्पिक को स्थगित किये जाने की मांग के बीच मेजबान देश जापान ने अन्य विकल्पों पर विचार करना शुरू कर दिया है। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) और टोक्यो आयोजन समिति का फिलहाल कहना है कि ओलम्पिक तय समय के अनुसार 24 जुलाई के तय कार्यक्रम के अनुसार ही शुरू होंगे लेकिन जापान ने साथ ही संभावित विकल्पों पर विचार करना शुरू कर दिया है। ओलम्पिक के घरेलू प्रायोजन पर तीन अरब डॉलर खर्च हो चुके हैं जबकि 12 अरब डॉलर इसकी तैयारियों पर खर्च हुए हैं। समझा जाता है कि यदि खेलों को स्थगित किया जाता है तो उस परिदृश्य में आगे के लिए क्या विकल्प होंगे, इस पर विचार किया जा रहा है। विकल्पों में खेलों को स्थगित करना और इन्हें दर्शकों के बिना आयोजित करना शामिल है। किसी भी फैसले पर मार्च के अंत तक ही कोई निर्णय लिया जा सकता है।