ओलम्पिक खेलों में भारतीय महिला खिलाड़ियों का बढ़ता दबदबा

टोक्यो ओलम्पिक खेलों में भारत को 7 पदक मिले हैं जिममें से 3 पदक महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं। एक रजत और 2 कांस्य पदक। किसी भी ओलम्पिक में भारतीय महिला खिलाड़ियों द्वारा जीते ये सबसे अधिक पदक हैं। इससे पहले लंदन-2012 और रियो-2016 में भारतीय महिलाओं ने दो-दो पदक जीते थे। टोक्यो में भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने रजत तथा बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधू और मुक्केबाज लवलीना बोर्गेहन ने कांस्य पदक जीते। पी.वी. सिंधू ओलम्पिक खेलों में 2 पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ एक पुरुष खिलाड़ी ने प्राप्त की थी। सुशील कुमार ने रजत और कांस्य पदक जीता था।  टोक्यो में कई महिला खिलाड़ी और टीमें पदक से एक कदम पीछे रह गईं, नहीं तो इनकी संख्या में और वृद्धि हो जानी थी। महिला हाकी टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया। चाहे वह कांस्य पदक वाला मैच हार गईं परन्तु टीम ने बेहतक प्रदर्शन करते हुए पहली बार सैमीफाइनल तक खेला। ओलम्पिक  खेलों के इतिहास की बात करें तो टोक्यो में जीते 7 पदकों को मिला कर भारत ने अब तक 33 पदक जीते हैं। 1900 में निजी तौर पर भाग लेने ब्रिटिश मूल के कलकत्ता (अब कोलकाता) निवासी नारमन पिचर्ड के दो रजत पदकों को इसमें शामिल नहीं किया गया क्योंकि उसका नाम कई रिकार्डों में ब्रिटिश टीम में आता है। वैसे भी भारत ने औपचारिक तौर पर 1920 के एंटवर्प ओलम्पिक खेलों में भाग लिया था। कुल 33 पदकों में महिला खिलाड़ियों ने चाहे 8 पदक जीते हैं परन्तु ये सभी 8 पदक गत 21 वर्षों में ही जीते हैं। लंदन ओलम्पिक से टोक्यो ओलम्पिक तक एक समय ऐसा आया जब भारत के कुल 8 में 7 पदक महिला खिलाड़ियों द्वारा जीत गए।  कर्नम मलेश्वरी पहली भारतीय ओलम्पिक पदक विजेता महिला खिलाड़ी है जिसने सिडनी-2000 में भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीता था। हालांकि 1984 में लास एंजलिस में पी.टी. उषा सैकेंट के सौवें हिस्से से पदक से चूक गई थी। वह 400 मीटर हर्डल्ज़ दौड़ में चौथे स्थान पर आई थीं। दूसरी तरफ पुरुष खिलाड़ियों की हाकी टीम ने 1928 में एमस्टड्रम में पहला पदक जीता था, वहीं व्यक्तिगत वर्ग में पहलवान के.डी. यादव ने 1952 में हैल्सिंकी में कांस्य पदक जीता था। कर्नम मलेश्वरी के बाद कई महिला खिलाड़ी आगे आईं। 2012 में लंदन में दो महिला खिलाड़ियों ने पदक जीते। साइना नेहवाल ने बैडमिंटन और एम.सी. मैराकॉम ने मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता। 2016 के रिओ ओलम्पिक खेलों में भारतीय खेल दल ने 2 ही पदक जीते और दोनों महिला खिलाड़ियों ने। बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधू रजत पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी। पहलवान साक्षी मलिक ने कांस्य पदक जीता। अब टोक्यो में भारतीय महिलाओं ने तीन पदक जीते हैं।