बहुत आसान नहीं था मेरा फिल्मी करियर प्रियंका चोपड़ा

‘अंदाज’  में अक्षय कुमार के साथ प्रियंका चोपड़ा की स्क्रीन  कैमिस्ट्री देखते ही बनती थी। इसके बाद वह अब्बास मस्तान द्वारा निर्देशित सुभाष घई की ‘ऐतराज’ में एक बार फिर अक्षय कुमार के अपोजिट नजर आईं। उनकी यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त हिट रही। इसके साथ ही प्रियंका को स्टारडम हासिल हो गया।  विश्व सौंदर्य प्रतियोगिता में अव्वल रहने के बावजूद प्रियंका का कहना है कि फिल्म कैरियर उतना आसान नहीं रहा जितनी उम्मीद की गई थी। शुरू की कुछ फिल्मों में तो उन्हें एक्टिंग न जानने के आरोप की तोहमत के साथ बाहर का रास्ता तक दिखा दिया गया था। एक बार किसी निर्माता ने प्रियंका को सिर्फ इसलिए अपनी फिल्म से आउट कर दिया क्योंकि किसी दूसरी एक्ट्रेस की उसके पास सिफारिश आई थी और सिफारिश करने वाले शख्स की हैसियत कुछ ऐसी थी कि वह इंकार नहीं कर सके।  बॉलीवुड की तरह हॉलीवुड में भी प्रियंका चोपड़ा को जबर्दस्त कामयाबी मिली। उन्होंने ‘बेवॉच’, क्वॉंटिको और ‘इज नॉट इन रोमांटिक’ जैसे कई हॉलीवुड प्रोजक्ट में काम किया।  4 साल के गैप के बाद वे ‘द स्काई इज पिंक’ में फरहान अख्तर के अपोजिट नजर आई थीं। वह राजकुमार राव के अपोजिट नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द व्हाइट टाइगर’ कर रही हैं। इसकी कहानी चाय बेचने वाले एक ऐसे शख्स की है जो बाद में एक बड़ा उद्योगपति बन जाता है।  हाल ही में कियानू रीव्स की फेमस मैट्रिक्स सिरीज की चौथी फिल्म ‘मैट्रिक्स 4’ के लिए प्रियंका चोपड़ा को साइन किया गया है।