रसोईघर में ही मौजूद हैं सौंदर्य प्रसाधन

हर्बल सौंदर्य प्रसाधनों के साथ ही आयुर्वेदिक घरेलू उपचार व सौंदर्य सामग्रियों का इस्तेमाल गुणकारी तो होता ही है, साथ ही इनका त्वचा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव भी नहीं पड़ता। सिन्थेटिक एवं कैमिकल युक्त पदार्थों का असर जल्द दिखाई तो देता है परन्तु वह चला भी जल्द ही जाता है। प्राकृतिक पदार्थों का लगातार इस्तेमाल करते रहने से उनका असर बरकरार रहता है। आइए आपको कुछ ऐसे अनुभूत नुस्खों से परिचित करवा दूं जिससे आप अपने रसोईघर में ही अपनी सुन्दरता बढ़ा सकती हैं।
आलू का प्रयोग
आलू का प्रयोग सिर्फ सब्जी बनाने के लिए ही नहीं है, बल्कि त्वचा के दाग मिटाने में भी इसका जवाब नहीं है। आलू को अच्छी तरह धोकर उसे छील लें और कूटकर कपड़े में छानकर रस निकाल लें। इस रस को त्वचा पर लगाने से त्वचा के सभी दाग मिट जाते हैं। आंखों के चारों ओर हुए काले धब्बों को भी इसका रस मिटा डालता है। 
आलू को गोल-गोल चिप्स की तरह काटकर आंखों पर रखकर 15-20 मिनट तक लेटे रहने से आंखों का तनाव मिटता है। आंखों में अगर सूजन हो, तो उसमें भी यह आराम देता है। आलू के रस से झाई, मुंहासों आदि को आसानी से समाप्त किया जा सकता है।
नींबू का प्रयोग
नींबू विटामिन ‘सी‘ की प्रचुरता के कारण अनेक गुणों को रखने वाला होता है। इसे सौंदर्य का सरताज भी माना जाता है। ठुड्डी, एड़ी, कोहनी आदि जहां कहीं भी काले दाग पड़ जाते हों, वहां नींबू के रस को रगड़ने से फायदा होता है। अंडे के सफेद हिस्से के साथ नींबू का रस मिलाकर चेहरे पर भी लगाया जा सकता है। इससे चेहरे के रंग में निखार आता है।
चाय का प्रयोग
ठंडे चाय के पानी में रूई डुबोकर आंखों के ऊपरी भाग पर लगाने से आंखों की थकान मिटती है। इस्तेमाल की गई चाय की पत्तियां दुबारा भी काम में लायी जा सकती हैं। इन्हीं पत्तियों को ढेर सारे पानी में उबाल कर ठंडा कर लें एवं शैम्पू करने के बाद इसी उबली पत्ती के पानी से बालों को धोयें। इससे बाल चमकीले दिखाई देते हैं। 
शहद का प्रयोग
 शहद काफी हद तक सौंदर्य बरकरार रखने में आपकी मदद कर सकता है। इसे सबसे अच्छे मॉइश्चराइजर का खिताब भी हासिल है। शहद के इस्तेमाल से त्वचा मुलायम बनती है व त्वचा की नमी संतुलित रहती है। तेलयुक्त त्वचा के लिए अच्छी तरह फेंटे हुए अंडे के सफेद हिस्से में शहद मिलाकर लगाइये। रूखी त्वचा के लिए इसी सामग्री में थोड़ी-सी दूध की मलाई भी मिला लीजिए। नहाने के पानी में अगर एक चम्मच शहद मिला लिया जाए तो थकान एवं तनाव दूर हो जाता है।
दही का प्रयोग
दही को सफाई का मास्टर कहा जाता है। दही को सिर पर, चेहरे पर, हाथ-पैरों पर लगा कर मलने से त्वचा में निखार आता है। दही को चेहरे पर लगाकर बीस मिनट तक छोड़़ दीजिए। उसके बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लीजिए। सिर में दही का लेप लगाकर आधे घंटे तक छोड़ दीजिए, उसके बाद सिर को धो लीजिए। इससे आपके बाल रेशम की तरह मुलायम हो जाएंगे। दही में बेसन मिलाकर उसका उबटन बनाकर समूचे देह में मलने से बदन से आने वाली दुर्गन्ध गायब हो जाती है। 

(उर्वशी)