Bihar: टूटी पटरी पर पहुंची इंटरसिटी, लोको पायलट ने दिखाया साहस और बचा लिया बड़ा हादसा 

पश्चिम चंपारण (बिहार), 28 फरवरी - पश्चिम चंपारण में शुक्रवार का दिन रेल यात्रियों के लिए एक बड़े हादसे में बदल सकता था। लेकिन एक लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ ने सैकड़ों जिंदगियां बचा लीं। बेतिया नरकटियागंज रेलखंड पर कुमारबाग रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी क्षतिग्रस्त पाई गई। उसी समय इंटरसिटी ट्रेन वहां से गुजर रही थी।
जानकारी के अनुसार, कुमारबाग से बेतिया की ओर जा रही इंटरसिटी ट्रेन जैसे ही खराब ट्रैक के पास पहुंची, लोको पायलट को पटरी में कुछ गड़बड़ी दिखी। उन्होंने स्थिति को तुरंत समझ लिया। बिना देर किए ट्रेन की रफ्तार कम कर दी। उनकी इस तेजी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। अगर जरा सी भी लापरवाही होती तो परिणाम बहुत भयावह हो सकते थे।
जब यात्रियों को घटना की जानकारी मिली तो कई लोगों के चेहरे पर डर साफ नजर आया। किसी को अंदाजा नहीं था कि वे कुछ ही पल पहले एक बड़े खतरे से गुजर चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त रेल लाइन की जांच शुरू की।

#Bihar
# पटरी