पर्याप्त नींद व व्यायाम कॅरियर में सबसे प्रभावी टूल बने !
पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम ये दो आदतें आज सिर्फ हमारे स्वास्थ्य से ही नाता नहीं रखतीं बल्कि कॅरियर को ऊंचाई देने वाले सबसे प्रभावी जैविक टूल भी बन गये हैं। साल 2026 इसलिए हाल के दूसरे सालों से विशेष हैं, क्योंकि इस साल हमारी हर गतिविधियों को नये आईने में देखा जा रहा है। कॅरियर को ऊंचाई देने वाले प्रभावी टूल के रूप में जहां अभी तक हमारी न्यू टेक स्किल देखी जाती थी, वहीं आज इसमें हमारी सेहत भी महत्वपूर्ण हो गई है और सेहत बिना पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम के संभव नहीं है। इसलिए आज कॅरियर में सफलता के लिए व्यायाम और पर्याप्त नींद को भी जैविक टूल की तरह देखा जा रहा है। क्योंकि अगर ये दोनों चीजें सही हैं, तभी हम उम्मीद से बेहतर परफोर्मेंस दे सकते हैं और यही आज कॅरियर में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत आधार है।
यही कारण है कि आज नियमित व्यायाम तो केवल स्वास्थ्य साधन के रूप में नहीं देखा जा रहा बल्कि कॅरियर ग्रोथ के प्रभावी जैविक टूल की तरह भी देखा जा रहा है और इसके वैज्ञानिक आधार हैं। न्यूरोसाइंस, साइकोलॉजी और हेल्थ रिसर्च लगातार यह साबित कर रहे हैं कि अच्छी नींद और फिट शरीर आज हमारे लिए पूंजी के सरीखे हैं और कॅरियर के आईने में ये तेज रफ्तार ग्रोथ का आधार निर्मित करते हैं।
नींद-दिमाग को रिसेट करती है
नींद को अकसर आराम का विषय माना जाता है, लेकिन ये आराम से ज्यादा सक्रियता प्रदान करने करने के लिए तरोताजगी प्रदान करता है। जब हम सोते हैं तो हमारा दिमाग दिनभर की जानकारियों को व्यवस्थित करता है, अनावश्यक सूचना को हटाता है और महत्वपूर्ण यादों को मजबूत करता है। इसके हमें कॅरियर ग्रोथ के रूप में कई लाभ होते हैं। सबसे पहले तो हमारी निर्णय लेने की क्षमता न सिर्फ बढ़ती है बल्कि प्रभावी होती है। दुनिया के अनेक प्रबंधन सर्वेक्षण इस बात की पुष्टि करते हैं कि जो सीईओ रात में पर्याप्त नींद लेते हैं, उनके निर्णय अधिक स्पष्ट, ज्यादा संतुलित और ताजगीभरे होते हैं। वास्तव में थका हुआ दिमाग का मतलब होता है, हमारी नींद डिस्टर्ब है और जब नींद डिस्टर्ब होने से हमारा दिमाग थका होता है, तो हमारे निर्णय गलत साबित होते हैं।
सीखने की रफ्तार तेज होती है
पर्याप्त नींद लेने और नियमित व्यायाम करने से हमें सिर्फ निर्णय लेने में ही सहूलियत नहीं होती बल्कि नई तकनीक सीखने में भी हमारी गति, सामान्यत: तेज होती है। नींद की कमी से सीखने की क्षमता में 30 से 40 प्रतिशत तक का असर पड़ता है। जिन्हें नियमित रूप से अच्छी नींद आती है, उनका किसी भी विषय पर फोकस बेहतर होता है। आज के डिस्ट्रैक्शन भरे माहौल में भी वह अपना ध्यान ज़रूरी कामों और बातों पर केंद्रित कर पाते हैं। साथ ही उनका भावनात्मक संतुलन भी बना रहता है। क्याेंकि नींद की कमी से चिड़चिड़ापन, तनाव और गुस्सा बढ़ता है, जो घर में ही नहीं कार्यस्थल पर भी हमें प्रभावित करता है। हमारे निजी और प्रोफेशनल रिश्तों को भी स्पष्टता देते हैं, जो कि कॅरियर के लिए बहुत ज़रूरी होता है, क्योंकि इससे आत्मविश्वास भी बढ़ता है और हमारी रचनात्मकता भी निखर करके आती है।
हाई परफोर्मेंस का अनूठा समीकरण
कारपोरेट जगत में हम हाई परफोर्मेंस सिर्फ अपनी स्किल और जानकारियों के आधार पर ही नहीं संभव कर पाते। इसके लिए शांत दिमाग और स्वस्थ शरीर भी बहुत ज़रूरी है और इन दोनों चीजों के लिए पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम आधार का काम करते हैं। जब नींद और व्यायाम के नतीजे को एक साथ देखा जाता है, तो यह हाई परफोर्मेंस सिस्टम के समीकरण का सबसे मजबूत आधार होते हैं। अच्छी नींद और नियमित व्यायाम जब हमारी लाइफस्टाइल का हिस्सा होते हैं, तो हम हाई परफोर्मेंस मोड पर होते हैं। जब कोई व्यक्ति 7 से 8 घंटे की नियमित और अच्छी नींद लेता है तथा हर दिन 30 मिनट का व्यायाम करता है, तो वह बहुत तेजी से दिखता है, बेहतर निर्णय लेता है, लंबे समय तक किसी भी समस्या या विषय पर अपना ध्यान फोकस करके रख सकता है और इन सबका नतीजा बेहतर कार्यक्षमता, ज्यादा उत्पादन और ज्यादा से ज्यादा कॅरियर रिवार्ड होता है। डिजिटल थकान जो आज हमारी मेंटल फटीग का सबसे बड़ा कारण है, उस डिजिटल थकान से बचने का सौ प्रतिशत तरीका यही है कि हम नियमित रूप से हर दिन व्यायाम करें और हर रात अच्छी नींद सोएं। नहीं तो आजकल की जो दफ्तरी कार्यशैली है, उसमें सबसे ज्यादा हमारी आंखें थकती हैं, क्योंकि उन्हें काम करने के दौरान 80 से 90 प्रतिशत समय तक डिजिटली स्क्रीन में बिताने पड़ते हैं। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



