आओ बच्चो, आज दूध से इन्द्रधनुष बनाएं!
बच्चो! बारिश के बाद तुमने रेनबो या इन्द्रधनुष तो अवश्य ही देखा होगा और मज़े में खुद भी कागज़ पर बनाया होगा। रंगों या अन्य क्राफ्ट की चीज़ों से इन्द्रधनुष बनाने में बहुत आनंद आता है, लेकिन क्या तुम्हें मालूम है कि साधारण इन्द्रधनुष वास्तव में दूध, लिक्विड साबुन व खाद्य रंगों से भी बनाया जा सकता है? इस मिश्रण से इन्द्रधनुष कैसे बनता है, यह जानकार तुम्हें आश्चर्य होगा। विज्ञान के इस प्रयोग में आप दूध से इन्द्रधनुष स्वयं बना सकते हैं और ऐसा करते समय आपको सरफेस टेंशन के बारे में भी मालूम हो जायेगा।
तो आओ शुरू करते हैं। सामान्य दूध जो तुम नाश्ते में पीते हो, वह लें यानी दूध बिना फैट वाला नहीं होना चाहिए। इसके अतिरिक्त ज़रूरत होगी खाद्य रंगों (लाल, पीला, हरा व नीला) की साथ ही लिक्विड यानी तरल साबुन की। इसके अलावा एक गहरी प्लेट ले लें, लेकिन यह सुनिश्चित कर लें कि उसका तला एकदम फ्लैट हो यानी कहीं से ऊपर नीचे उठा हुआ न हो। इस सबके अलावा रुई के फायों की भी ज़रूरत होगी और बाद में सफाई करने के लिए पेपर टॉवल की भी।
चूंकि इस प्रयोग में डाई वाले दूध का इस्तेमाल होगा इसलिए बेहतर है कि इसे घर से बाहर किया जाये या ऐसी सतह पर जहां खाद्य रंगों व बिखरे दूध को साफ करना आसान हो। इस प्रयोग को सिंक के पास करने से बाद में सफाई करना आसान हो जाता है। आहिस्ता-आहिस्ता प्लेट में दूध इस तरह से डाल दें कि तला पूरी तरह से ढक जाये। कुछ देर दूध को अपनी जगह ठहरने दें। अब हर खाद्य रंग की एक-एक बूंद दूध में डाल दें इस तरह से कि प्लेट के तले के पास बूंदों की एक लाइन बन जाये। साधारण चार रंगों का इन्द्रधनुष बनाने के लिए दाएं से बाएं रंगों का कर्म इस तरह होना चाहिए- लाल, पीला, हरा व नीला। अब ये बूंदें इंद्रधनुष कैसे बनेंगीं? रुई के फाये से बूंदों की लाइन के बीच में सिर्फ दूध पर स्पर्श करें।
अब रुई के फाये के दूसरे सिरे पर थोड़ा सा लिक्विड साबुन रगडें। जिस जगह दूध को पहले स्पर्श किया था अब फिर उसी जगह को लिक्विड साबुन वाले सिरे से स्पर्श करें। देखें इससे क्या होता है? लिक्विड साबुन वाले रुई के सिरे से दूध के कुछ अन्य सिरों को स्पर्श करें। आप जब अन्य सिरों पर स्पर्श करना जारी रखते हैं तो क्या होता है? लिक्विड साबुन वाले सिरे को कुछ सेकंड के लिए एक ही जगह लगाये रखें। रुई पर ज्यादा साबुन भी लगा सकते हैं। अब क्या होगा? जब आपने बिना साबुन वाला सिरा दूध से स्पर्श किया तो कुछ नहीं हुआ लेकिन जब साबुन वाला सिरा स्पर्श किया तो खाद्य रंग जल्दी से रुई से दूर हो गया। दूर भागते खाद्य रंग दूध पर इंद्रधनुष बना देते हैं। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि साबुन ने दूध की सरफेस टेंशन को कम कर दिया और खाद्य रंग उस जगह जाने लगे जहां दूध की सरफेस टेंशन अधिक थी।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर




