देश की भावी पीढ़ी के उत्थान में ग्रामीण लाइब्रेरियों का योगदान
भारत के गांवों और कस्बों में एक शांत लेकिन क्रांतिकारी बदलाव शुरु हो रहा है। यह बदलाव न तो किसी बड़े सरकारी अभियान का हिस्सा है और न ही किसी महंगी कॉर्पोरेट योजना का परिणाम। यह परिवर्तन समाज की अपनी आवश्यकता से उपजा है। गांवों में तेज़ी से खुल रही छोटी-छोटी लाइब्रेरियां आज केवल किताबें रखने की जगह नहीं रह गई हैं, बल्कि वे सह-कार्य (को-वर्क) नहीं बल्कि सह-अध्ययन (को-स्टडी) संस्कृति का नया मॉडल बन चुकी हैं। यही ग्रामीण लाइब्रेरियां आने वाले भारत के भविष्य के संसाधन तैयार कर रही हैं।
एक बार चिउटहा गांव में एक व्यक्ति द्वारा संचालित लाइब्रेरी जाने का मौका मिला। पहले जहां गांवों में शाम के समय चौपालें और चाय की दुकानें अधिक दिखाई देती थीं, अब कई स्थानों पर युवाओं से भरी लाइब्रेरियां दिखाई देती हैं। कहीं 8 घंटे की सदस्यता, कहीं 10 घंटे और कहीं 12 घंटे की मासिक सदस्यता लेकर बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इन लाइब्रेरियों में पढ़ने के लिए शांत वातावरण, बिजली, पंखा, इंटरनेट और कई जगह आवश्यक अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध करवाई जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि मासिक फीस इस बात पर निर्भर करती है कि विद्यार्थी कितने घंटे की सदस्यता ले रहा है।
यह बदलाव केवल एक व्यवसाय नहीं है, बल्कि ग्रामीण भारत की सामाजिक और शैक्षिक ज़रूरत का समाधान बन कर उभर रहा है। आज से कुछ वर्ष पहले तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मतलब होता था, बड़े शहरों की ओर पलायन। उत्तर भारत के लाखों युवा सिर्फ इसलिए अपने गांव और परिवार को छोड़ते थे ताकि उन्हें एकाग्र होकर पढ़ने का माहौल मिल सके। लेकिन बाहर जाकर पढ़ाई करना केवल शिक्षा का खर्च नहीं होता, बल्कि उसके साथ अनेक आर्थिक, सामाजिक और मानसिक चुनौतियां जुड़ी होती हैं।
एक छात्र जब गांव छोड़ कर शहर जाता है तो सबसे पहले उसे किराये का कमरा लेना पड़ता है। उसके बाद खाने-पीने की व्यवस्था करनी होती है। परिवार से दूर रहने के कारण भावनात्मक अकेलापन, अवसाद और गलत संगत का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे समय में गांवों और कस्बों की ये लाइब्रेरियां एक सामाजिक सुरक्षा कवच बन कर उभरी हैं। अब एक विद्यार्थी अपने घर के पास रहकर, परिवार के साथ रहते हुए, बहुत कम खर्च में घंटों तक एकाग्र होकर पढ़ाई कर सकता है। यह परिवर्तन केवल आर्थिक नहीं है, बल्कि सामाजिक संरचना को भी मज़बूत कर रहा है।
इन लाइब्रेरियों का सबसे बड़ा योगदान यह है कि इन्होंने शिक्षा को सुलभ और स्थानीय बना दिया है। अब गांव का किसान और सामान्य परिवार भी अपने बच्चे को बेहतर तैयारी का माहौल दे सकता है। पहले गांव कस्बों के कई प्रतिभाशाली बच्चे कमज़ोर आर्थिक स्थिति के कारण बड़े शहरों में जाकर तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब उनके पास गांव में ही एक विकल्प मौजूद है।
ग्रामीण लाइब्रेरियों ने पढ़ाई को सामूहिक अनुशासन का रूप भी दिया है। जब दर्जनों छात्र एक साथ शांत वातावरण में पढ़ते हैं तो उनमें स्वत: प्रतिस्पर्धा और प्रेरणा का भाव पैदा होता है। एक विद्यार्थी दूसरे को देखकर प्रेरित होता है। यही सह-अध्ययन संस्कृति की असली ताकत है। यह केवल एक कमरे में बैठकर पढ़ना नहीं, बल्कि सामूहिक सपनों का निर्माण है। इन छोटे-छोटे कमरों में वास्तव में भारत का भविष्य तैयार हो रहा है।
यह परिवर्तन महिलाओं और बेटियों की शिक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। आज भी अनेक परिवार अपनी बेटियों को दूरवर्ती शहरों में भेजने में हिचकिचाते हैं। लेकिन गांव या कस्बे में सुरक्षित और सुलभ लाइब्रेरी होने से बेटियों को भी पढ़ाई का बेहतर वातावरण मिल रहा है। इससे महिला शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी भागीदारी बढ़ने की बड़ी संभावना है।
ग्रामीण लाइब्रेरी की यह क्रांति ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ की वास्तविक ज़मीनी साझेदार बन सकती हैं। यदि सरकार चाहे तो इन लाइब्रेरियों को डिजिटल संसाधनों, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन टैस्ट सीरीज और इंटरनेट सुविधाओं से जोड़ सकती है। पंचायत स्तर पर ऐसी लाइब्रेरियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा सकती हैं।
यह भी ज़रूरी है कि समाज इन लाइब्रेरियों को केवल व्यवसाय के रूप में न देखे। यह वास्तव में सामाजिक निवेश हैं। जिस प्रकार एक समय गांवों में स्कूल खोलना समाज सेवा माना जाता था, उसी प्रकार आज पढ़ाई का वातावरण उपलब्ध कराना भी राष्ट्र निर्माण का कार्य है। यदि इन लाइब्रेरियों को सही दिशा और सहयोग मिले तो आने वाले दस वर्षों में भारत को ऐसी पीढ़ी मिलेगी जिसने सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासन, संघर्ष और सामूहिक अध्ययन की संस्कृति में खुद को तैयार किया होगा। भारत की असली ताकत उसके गांव हैं। यदि गांवों में शिक्षा, अवसर और प्रेरणा उपलब्ध हो जाए तो देश की दिशा बदल सकती है। आज गांवों की ये लाइब्रेरियां उसी परिवर्तन की आधारशिला रख रही हैं। (युवराज)



