अन्नामलाई के इस्तीफे पर सस्पेंस बरकरार, अमित शाह के बाद नितिन नवीन से भी की मुलाकात
नई दिल्ली, 2 जून - तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने और नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें लगातार तेज हो रही हैं। सूत्रों के अनुसार अमित शाह और अन्नामलाई के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। हालांकि बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मुलाकात के बाद अन्नामलाई बिना मीडिया से बात किए वहां से निकल गए।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि अन्नामलाई ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात की। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा सौंप दिया है, लेकिन भाजपा की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई। पार्टी सूत्रों ने साफ कहा कि अन्नामलाई ने अभी तक औपचारिक इस्तीफा नहीं दिया है।

