कॉटन बॉल लांचर बनाएं

बच्चो! क्या आपने कभी रबर बैंड को खींचकर किसी की तरफ फेंका है? इसमें दो प्रकार की ऊर्जाएं प्रयोग में आ जाती हैं- पोटेंशियल व काइनेटिक और साथ ही ऊर्जा का संरक्षण भी होता है। आज मैं आपको बताती हूं कि इस ऊर्जा का अच्छा इस्तेमाल करके आप रबर बैंड संचालित कॉटन बॉल लांचर कैसे बना सकते हैं।
इस प्रयोग के लिए हमें चाहिए होगी एक पेंसिल, 2 कार्ड बोर्ड ट्यूब, पैकिंग टेप, कैंची, कॉटन बॉल्स और सिंगल होल पंच (एक छेद करने वाला औज़ार)। 
सबसे पहले कैंची से एक कार्ड बोर्ड ट्यूब को लम्बाई में बीच में से काट देना है। इस कटी हुई ट्यूब को दबाकर पतला कर लें कि वह मूल ट्यूब की मोटाई का आधा हो जाये और फिर उसे अपनी जगह पर बने रहने के लिए टेप कर दें। अब इस ्टयूब में होल पंच से दो छेद करें। दोनों छेद एक-दूसरे के सामने होने चाहिये और सिरे से आधे इंच के फासले पर होने चाहिये। इन छेदों में पेंसिल घुस जानी चाहिए। इसके बाद आपको ध्यानपूर्वक पेंसिल को इन छेदों में पार करके वहीं रखना है। 
दूसरी ट्यूब के एक सिरे में दो स्लिट काट दें यानी कट लगा दें, जो एक इंच लम्बे हों और आधा इंच के फांसले पर हों। इसी ट्यूब पर उसी सिरे पर ऐसे ही दो कट और लगाने हैं, जोकि पहले दो कट के सामने हों। 
ध्यानपूर्वक एक रबर बैंड एक तरफ के कटों में फंसाकर ऐसे छोडें कि वह कार्ड बोर्ड के बीच में लटक रहा हो। कटों पर टेप लगा दें, मज़बूती के लिए। दूसरे रबर बैंड को भी ट्यूब के दूसरे कटों में फंसाकर लूप बना दें। जब यह काम खत्म हो जाये तो सुनिश्चित करें कि ट्यूब के दोनों तरफ रबर बैंड लटके हुए हैं।
रबर बैंड वाली ट्यूब को पकड़कर दूसरी ट्यूब को उसके दूसरे सिरे से अंदर घुसा दें कि एक तरफ रबर बैंड हों और दूसरी तरफ पेंसिल दिखायी दे। ध्यानपूर्वक हर रबर बैंड को पेंसिल के ऊपर चढ़ा दें। अपने लांचर को इस तरह से पकडें कि पेंसिल नीचे की तरफ हो। ऊपर कॉटन बॉल रख दें, इस तरह से कि वह पतली ट्यूब के अंदर हो। लांचर को इस तरह पकडें कि कॉटन बॉल गिरे नहीं। अब पेंसिल को इतना खींचें कि अंदर की ट्यूब पीछे दो इंच खिंच जाये। पेंसिल को छोड़ दें और कॉटन बॉल को उड़ता हुआ देखें। हो गया कॉटन बॉल लांचर तैयार।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#कॉटन बॉल लांचर बनाएं