PM मोदी का दौरा: काशी में देखेंगे वायुसेना का एयर शो, भुवनेश्वर में आरबीआई के डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वाराणसी में नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे और नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' को देखेंगे। इसके बाद वह ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह करीब 11 बजे वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे। इस फैक्टरी से क्षेत्र में कपड़ा और परिधान उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यहां बनने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की भी योजना है। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 'विंग्स ओवर गंगा' नाम से आयोजित यह कार्यक्रम वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हो रहा है। एयर शो में तेजस, राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और एलसीएच प्रचंड जैसे लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी इसमें शामिल होंगे। वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतब दिखाएंगी।

