बंगाल: भाजपा कार्यकर्ता की मां की मौत, अमित शाह ने टीएमसी पर लगाया आरोप

कोलकाता, 29 मार्च - पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी कार्यकर्ताओं पर भाजपा कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार की बुजुर्ग मां शोभा मजूमदार को घर में घुसकर पीटने का आरोप लगा था। इस घटना पर काफी बवाल हुआ था। बंगाल में पोस्टर वार छिड़ गया था। 85 वर्षीय शोभा मजूमदार की आज सुबह मौत हो गई। शोभा मजूमदार की मौत को लेकर भाजपा ने एक बार फिर टीएमसी को घेरा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर शोभा मजूमदार की मौत की जानकारी दी। साथ ही इसको लेकर टीएमसी पर हमला बोला। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निमता इलाके में रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता की 85 वर्षीय मां शोभा मजूमदार की मौत हो गई। गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया। अमित शाह ने ट्वीट किया कि बंगाल की बेटी शोभा मजूमदार जी के निधन से मन व्यथित है। टीएमसी के गुंडों ने उन्हें इतनी बेरहमी से पीटा कि उनकी जान चली गई। उन्होंने कहा कि शोभा मजूमदार के परिवार का दर्द और घाव ममता दीदी का लंबे समय तक पीछा नहीं छोड़ेगा। बंगाल, हिंसा-मुक्त कल के लिए लड़ेगा। बंगाल, हमारी बहनों और माताओं के लिए एक सुरक्षित राज्य की लड़ाई लड़ेगा।