अम्बेदकर ने संविधान लिख कर देश को एकजुट करने का रास्ता दिखाया : सांपला

होशियारपुर, 28 नवम्बर (अ.स.): भारत गौरव संस्था द्वारा चेयरमैन विजय सांपला के नेतृत्व में भारतीय संविधान की 70वीं वर्षगांठ पर माडल टाऊन क्लब होशियारपुर में समारोह करवाया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय यूनिवर्सिटी हिमाचल प्रदेश के उपकुलपति डा. कुलदीप अग्निहोत्री विशेष तौर पर उपस्थित हुए। इस अवसर पर बोलते हुए डा. अग्निहोत्री ने कहा कि देश को चलाने वाला केवल संविधान ही है। उन्होंने कहा कि डा. बी.आर. अम्बेदकर ने भारत के संविधान की रचना करते हुए उन बारीकियों का ध्यान रखा है जिससे देश के हर वर्ग की तरक्की हो सके। इस अवसर पर साध्वी रुपेश्वरी भारती ने कहा कि संविधान से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान का पालन करना हम सभी का फर्ज़  है। बार कौंसिल पंजाब एंड हरियाणा के सचिव सुवीर सिद्धू ने कहा कि दुनिया के देशों में उनका संविधान उनकी संसद बनाती है परन्तु भारत लोकतंत्रीय देश है जिसमें संविधान संसद को बनाता है।संस्था के चेयरमैन विजय सांपला ने कहा कि डा. बी.आर. अम्बेदकर ने भारतीयों के लिए सबसे पवित्र किताब भारतीय संविधान लिख कर देश को एकजुट रहने का रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह बात भी सच है कि यदि संविधान को लागू करने वालों की मानसिकता गलत हो जाएगी तो यह लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाएगा।