कितने ज़रूरी हैं शरीर के लिए पोषक तत्व ?

आज फास्ट-फूड के बढ़ते प्रचलन ने बहुत से रोगों की संभावना को बढ़ा दिया है। फास्ट-फूड पोषण की दृष्टि से बिलकुल भी ठीक नहीं हैं क्योंकि इनसे हमें पोषक तत्वों की प्राप्ति न के बराबर होती है। पोषक तत्वों की दृष्टि से सबसे सशक्त आहार है भारतीय आहार। भारतीय आहार ऐसा आहार है जिसमें हर प्रकार की खाद्य सामग्रियां इतनी मात्रा में होती हैं जिससे हमें पर्याप्त पौष्टिक तत्व प्राप्त हो जाते हैं।
अनाज, चावल, दाल, दही, हरी सब्जियां, फल भारतीय आहार के प्रमुख अंग हैं और इनसे हमें सभी पोषक तत्वों की प्राप्ति हो जाती है। जब हम पोषक तत्वों की बात कर ही रहे हैं तो यह जानना सबसे जरूरी है कि ये तत्व कौन-से हैं और भोजन के इन तत्वों की हमें आवश्यकता क्यों होती है। जहां तक पोषक तत्वों की बात है, ये तत्व हैं, कार्बोहाइड्रेट, वसा, प्रोटीन, विटामिन व खनिज पदार्थ जिनसे हम सब परिचित ही हैं। ये तत्व हमारे शरीर में होने वाली सहस्त्रों क्रि याओं के सहज ढंग से संपन्न होने में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। कार्बोहाइड्रेट हमारे शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं यानी हमारी शरीर की ईंधन पूर्ति का स्रोत हैं। प्रोटीन से तो हमारा शरीर निर्मित है। प्रोटीन ऊतकों का निर्माण व मरम्मत करते हैं और कैलोरी की कमी होने पर ईंधन के रूप में इन्हें प्रयोग में लाया जाता है। वसा की कुछ मात्रा हमारे शरीर के लिए बहुत आवश्यक है। वसा ऊर्जा की एक गाढ़ी किस्म है और इसको भोजन में शामिल कर लेने से बिना भोजन की मात्रा बढ़ाए भोजन से मिलने वाली कैलोरी की संख्या में बढ़ोत्तरी हो जाती है पर वसा की अधिक मात्र मोटापा कैल्शियम हृदय रोगों व गठिया आदि की संभावना को बढ़ाता है। विटामिन शरीर की अनेक क्रि याओं में विशेष भूमिका अदा करते हैं। विटामिन ए विकास, आंखों, स्वस्थ त्वचा, हड्डियों आदि के लिए बहुत आवश्यक है। विटामिन-बी की श्रेणी में फोलिक एसिड, विटामिन बी 1, बी 12, बी 2 आदि आते हैं। विटामिन बी की श्रेणी में आया प्रत्येक विटामिन शरीर में अपना एक विशेष कार्य करता है। लाल रक्त कणों के निर्माण, स्नायुतंत्र, त्वचा की कोमलता, बालों की बढ़ोत्तरी आदि में ये विशेष भूमिका निभाते हैं।विटामिन-सी संक्रामक रोगों से तो हमारी रक्षा करता ही है, साथ ही हमारी हड्डियों व दांतों की मज़बूती के लिए भी आवश्यक है। विटामिन डी हमारी हड्डियां बनाने में और कैल्शियम को हड्डियों तक पहुंचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खनिज पदार्थ की श्रेणी में आते हैं कैल्शियम और आयरन। कैल्शियम दांत व हड्डियां मजबूत बनाने में बहुत आवश्यक है और लाल रक्त कणों के निर्माण में आयरन बहुत आवश्यक है।ये सभी तत्व हमारे शरीर के लिए बहुत आवश्यक हैं और इनमें से एक तत्व की कमी भी व्यक्ति को रोग का शिकार बना सकती है। इन तत्वों की बहुत अधिक मात्रा भी नुकसानदेह हो सकती है।  

(स्वास्थ्य दर्पण)