सभी तीर्थों में एक महातीर्थ है गंगा सागर
गंगासागर भारत के तीर्थों में एक महातीर्थ हैं। गंगाजी इसी स्थान पर आकर सागर में मिलती है। इसी स्थान पर राजा सगर के साठ हजार पुत्रों को मोक्ष प्राप्त हुआ था। यहां मकर संक्र ांति पर बहुत बड़ा मेला लगता है जहां लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं। कहते हैं यहीं संक्रांति पर स्नान करने पर सौ अश्वमेद्य यज्ञ और एक हजार गाय दान करने का फल मिलता है।
भारत की नदियों में सबसे पवित्र गंगा नदी है जो गंगोत्री से निकल कर पश्चिम बंगाल में आकर सागर में मिलती है। गंगा का जहां सागर से मिलन होता है उस स्थान को गंगासागर कहते है। इसे सागरद्वीप भी कहा जाता है। यह स्थान देश में आयोजित होने वाले तमाम बड़े मेलों में से एक गंगासागर मेले के लिए सदियों से विश्व विख्यात है। हिन्दू धर्मग्रंथों में इसकी चर्चा मोक्षधाम के तौर पर की गई है जहां मकर संक्रांति पर दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु मोक्ष की कामना लेकर आते हैं और सागर-संगम में पुण्य की डुबकी लगाते हैं।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण चौबीस परगना ज़िले में स्थित इस तीर्थस्थल पर कपिल मुनि का मंदिर है जिन्होंने भगवान राम के पूर्वज और इक्ष्वाकु वंश के राजा सगर के 60 हजार पुत्रों का उद्धार किया था। मान्यता है कि यहां मकर संक्र ांति पर पुण्य-स्नान करने से मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। मान्यता है कि गंगासागर की तीर्थयात्र सैंकड़ों तीर्थयात्राओं के समान है। हर किसी को यहां आना नसीब नहीं होता। इसकी पुष्टि एक प्रसिद्ध लोकोक्ति से होती है, जिसमें कहा गया है, सारे तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार। हालांकि यह उस जमाने की बात है जब यहां पहुंचना बहुत कठिन था। आधुनिक परिवहन और संचार साधनों से अब यहां आना सुगम हो गया है।
ऐसी मान्यता है कि ऋषि-मुनियों के लिए गृहस्थ आश्रम या पारिवारिक जीवन वर्जित होता है पर विष्णु जी के कहने पर कपिलमुनि के पिता कर्दम ऋषि ने गृहस्थ आश्रम में प्रवेश किया पर उन्हाेंने विष्णु भगवान से शर्त रखी कि ऐसे में भगवान विष्णु को उनके पुत्र रूप में जन्म लेना होगा। भगवान विष्णु ने शर्त मान ली और कपिलमुनि का जन्म हुआ। फलत: उन्हें विष्णु का अवतार माना गया। आगे चल कर गंगा और सागर के मिलन स्थल पर कपिल मुनि आश्रम बना कर तप करने लगे। इस दौरान राजा सगर ने अश्वमेध यज्ञ आयोजित किया। इसके बाद यज्ञ के अश्वों को स्वतंत्र छोड़ा गया। ऐसी परिपाटी है कि ये जहां से गुजरते हैं, वे राज्य अधीनता स्वीकार करते हैं। अश्व को रोकने वाले राजा को युद्ध करना पड़ता है। राजा सगर ने यज्ञ अश्वों के रक्षा के लिए उनके साथ अपने 60,000 हजार पुत्रों को भेजा।
अचानक यज्ञ अश्व गायब हो गया। खोजने पर यज्ञ अश्व कपिल मुनि के आश्रम में मिले। फलत: सगर पुत्र साधनरत ऋषि से नाराज़ हो उन्हें अपशब्द कहने लगे। ऋषि ने नाराज़ होकर उन्हें शापित किया और उन सभी को अपने नेत्रों के तेज से भस्म कर दिया। मुनि के श्राप के कारण उनकी आत्मा को मुक्ति नहीं मिल सकी। काफी वर्षों के बाद राजा सगर के पौत्र राजा भागीरथ कपिल मुनि से माफी मांगने पहुंचे। कपिल मुनि राजा भागीरथ के व्यवहार से प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि गंगा जल से ही राजा सगर के 60,000 मृत पुत्रों का मोक्ष संभव है। राजा भागीरथ ने अपने अथक प्रयास और तप से गंगा को धरती पर उतारा। अपने पुरखों के भस्म स्थान पर गंगा को मकर संक्रांति के दिन लाकर उनकी आत्मा को मुक्ति और शांति दिलाई। यही स्थान गंगासागर कहलाया। इसलिए यहां स्नान का इतना महत्व है।
गंगासागर मेला पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाले सबसे बड़े मेलों में से एक है। इस मेले का आयोजन कोलकाता के निकट हुगली नदी के तट पर ठीक उस स्थान पर किया जाता है, जहां पर गंगा बंगाल की खाड़ी में मिलती है। इसीलिए इस मेले का नाम गंगासागर मेला है। यह मेला विक्रमी संवत के अनुसार प्रतिवर्ष पौष मास के अन्तिम दिन लगता है। यह मकर संक्रांति का दिन होता है।
सुन्दरवन निकट होने के कारण गंगासागर मेले को कई विषम स्थितियों का सामना करना पड़ता है। तूफान व ऊंची लहरें हर वर्ष मेले में बाधा डालती हैं परन्तु परम्परा और श्रद्धा के सामने हर बाधा बौनी हो जाती है। गंगा के सागर में मिलने के स्थान पर स्नान करना अत्यन्त शुभ व पवित्र माना जाता है।
गंगासागर के संगम पर श्रद्धालु समुद्र देवता को नारियल और यज्ञोपवीत भेंट करते हैं। समुद्र में पूजन एवं पिण्डदान कर पितरों को जल अवश्य अर्पित करना चाहिए। गंगासागर में स्नान-दान का महत्व शास्त्रों में विस्तार से बताया गया है। स्थानीय मान्यतानुसार जो युवतियां यहां पर स्नान करती हैं, उन्हें अपनी इच्छानुसार वर तथा युवकों को स्वेच्छित वधू प्राप्त होती है। अनुष्ठान आदि के पश्चात् सभी लोग कपिल मुनि के आश्रम की ओर प्रस्थान करते हैं तथा श्रद्धा से उनकी मूर्ति की पूजा करते हैं। मन्दिर में गंगा देवी, कपिल मुनि तथा भागीरथ की मूर्तियां स्थापित हैं।
इस द्वीप में ही रायल बंगाल टाइगर का प्राकृतिक आवास है। यहां मैन्ग्रोव के दलदल, जलमार्ग तथा छोटी छोटी नदियां, नहरें भी हैं। बहुत पहले इस ही स्थान पर गंगा जी की धारा सागर में मिलती थी किन्तु अब इसका मुहाना पीछे हट गया है। अब इस द्वीप के पास गंगा की एक बहुत छोटी सी धारा सागर से मिलती है। यह मेला पांच दिन चलता है। इसमें स्नान मुहूर्त तीन ही दिनों का होता है। यहां अलग से गंगाजी का कोई मंदिर नहीं है। मेले के लिये एक मील का स्थान निश्चित है जिसे मेले की तिथि से कुछ दिन पूर्व ही संवारा जाता है। यहां स्थित कपिल मुनि का मंदिर सागर बहा ले गया जिसकी मूर्ति अब कोलकाता में रहती है और मेले से कुछ सप्ताह पूर्व पुरोहितों को पूजा अर्चना के लिये मिलती है।
गंगासागर गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी का मिलन स्थल है। गंगासागर वास्तव में एक टापू है जो गंगा नदी के मुहाने पर है। यहां काफी आबादी है। यह पूरी तरह से ग्रामीण इलाका है। यहां की भाषा बंगला है। यहां पर रहने के लिए होटल मिलते है। साथ ही यहां विभिन्न मतों के अनेकों आश्रम, धर्मशालायें भी है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि गंगासागर लोग एक बार आते हैं जबकि मुझे इस स्थल को ऐसा मुकाम देना है जहां लोग बार- बार आयें। इस लक्ष्य में राज्य सरकार बहुत हद तक आगे बढ़ चुकी है। आने वाले कुछ सालों में बाकी का काम पूरा हो जाएगा। गंगासागर की कायापलट में जुटी मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द गंगासागर के लिए मुरिगंगा में ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उनकी केंद्र सरकार से भी बात हो चुकी है। इस ब्रिज के बनने के बाद लोगों को जल पथ से नहीं आना पड़ेगा। इस ब्रिज के बनने से श्रद्धालु सड़क मार्ग से कचुबेरिया तक आ सकेंगे। इसके अलावा जल मार्ग में होने वाली दुर्घटनाओं से भी बचा जा सकेगा। (उर्वशी)