दुनिया की सबसे छोटी चिड़िया कौन-सी है ?
‘दीदी, अलग-अलग साइज़ की चिड़ियों को देखते हुए मैं सोच रहा था कि दुनिया में सबसे छोटी चिड़िया कौन सी होगी?’
‘बी हमिंगबर्ड है।’
‘यह कितनी छोटी होगी?’
‘यह इतनी छोटी है कि तुम्हें अपनी आंखों पर भी विश्वास नहीं होगा। यह केवल चिड़िया नहीं है बल्कि परों वाला जीता जागता ज्वेल है। यह इतनी छोटी है कि अगर यह तुम्हारे सामने से उड़ जाये तो तुम उसे कीड़ा समझ लो।’
‘तो फिर इसका साइज़ क्या होगा?’
‘यह तुम्हारी छोटी उंगली से भी छोटी होती है, मुश्किल से 5-6 सेंटीमीटर लम्बी ही हो पाती है। इसका वजन तो इससे भी आश्चर्यजनक है। इसका वज़न 1.5 से 2 ग्राम ही होता है, जैसे चावल का कोई दाना।’
‘क्या यह भारत में भी पायी जाती है?’
‘नहीं। बी हमिंगबर्ड सिर्फ क्यूबा के जंगलों व गार्डन्स में दिखायी देती है।’
‘अच्छा, इसका नाम बी यानी मधुमक्खी पर क्यों पड़ा है?’
‘दरअसल, इसके पर आश्चर्यजनक रफ्तार से फ्लैप करते हैं, प्रति सेकंड 80 बार से भी अधिक और यह रफ्तार बढ़कर 200 बार प्रति सेकंड से भी ज्यादा हो सकती है। चूंकि यह अति तेज़ मूवमेंट मधुमक्खी जैसी ध्वनि उत्पन्न करती है, इसलिए इस चिड़िया का नाम बी हमिंगबर्ड पड़ गया।’
‘बी हमिंगबर्ड देखने में कैसी होती है?’
‘इसके नर और मादा में बहुत अंतर होता है। नर चमकदार रंगों का होता है और उसके सिर व गर्दन पर लाल या ऑरेंज शेड के पर होते हैं जो धूप में चमकते हैं। मादा में यह सुंदरता नहीं होती, उसके रंग थोड़े फीके होते हैं। लेकिन इन चिड़ियों में ज़बरदस्त खूबियां होती हैं।’
‘वह क्या?’
‘साइज़ में छोटी होने के बावजूद यह बहुत अच्छा घोंसला बनाती हैं, छाल व मकड़ी के जाले से, जिन्हें यह पेड़ की पतली टहनियों पर बहुत ध्यानपूर्वक रखती हैं। यह घोंसले इतने छोटे होते हैं कि इन्हें देख पाना लगभग असंभव होता है, जिनमें मादा एक समय में मटर की बराबर के दो अंडे देती है। एक अन्य खूबी यह भी है कि परिंदे आगे की तरफ उड़ते हैं, लेकिन बी हमिंगबर्ड पीछे की तरफ भी उड़ सकती है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर