दक्षिणी गंगा कौन-सी नदी है ?

‘दीदी, आज स्कूल में हमारी टीचर गंगा को बार बार दक्षिणी गंगा कह रही थीं, मेरी समझ में ही नहीं आया कि वह ऐसा क्यों कह रही थीं।’
‘अरे, तुम गलत समझे। गंगा और दक्षिणी गंगा दो अलग-अलग नदियां हैं।’
‘तो फिर दक्षिणी गंगा कौन सी नदी है?’
‘दक्षिण भारत में बहने वाली गोदावरी नदी को ही दक्षिणी गंगा कहते हैं, जोकि उत्तर की गंगा नदी से एकदम अलग है। गोदावरी को वृद्ध गंगा या पुरानी गंगा भी कहते हैं और इसका एक नाम गौतमी भी है।’ 
‘गोदावरी को दक्षिणी गंगा किसलिए कहते हैं?’
‘दरअसल, जो आध्यात्मिक व सांस्कृतिक और कृषि के लिए महत्व उत्तर भारत में गंगा का है, वही दक्षिण भारत में गोदावरी नदी का है, इसलिए उसे दक्षिणी गंगा कहते हैं। रामायण में बताया गया है कि अपने वनवास के दौरान भगवान राम कुछ समय के लिए गोदावरी के किनारे भी ठहरे थे। नासिक में जो कुंभ लगता है, वह गोदावरी के तट पर ही लगता है। गोदावरी पर दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण बांध (डैम) बने हुए हैं, जो सिंचाई व बिजली उत्पादन में बहुत काम आते हैं। एक जलमार्ग के रूप में गोदावरी की अहमियत बहुत ज्यादा है।’ 
‘फिर गोदावरी को गौतमी क्यों कहते हैं?’
‘कहा यह जाता है कि ऋषि गौतम की वजह से गोदावरी नासिक, महाराष्ट्र, के निकट पश्चिमी घाटों में त्रयंबकेश्वर में प्रकट हुई, इसलिए इसे गौतमी भी कहते हैं, हालांकि राजमुंदरी शहर के निकट गोदावरी दो मुख्य नदियों में विभाजित हो जाती है, जिनके नाम गौतमी व वशिष्ठ हैं और नदियों की इस त्रिमूर्ति व्यवस्था से भारत का सबसे बड़ा डेल्टा बनता है।’
‘पश्चिमी घाटों से निकलकर गोदावरी किस दिशा में बहती है?’
‘गोदावरी पश्चिम से पूरब की ओर बहती है। यह अनेक राज्यों में बहती हुई चलती है, जिनमें प्रमुख हैं- महाराष्ट्र, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश और इसका बेसिन छत्तीसगढ़, ओडिशा व मध्य प्रदेश में भी विस्तार करता है। आखिर में यह अनेक शाखाओं में विभाजित होकर विशाल डेल्टा बनाती है और फिर बंगाल की खाड़ी में इसका पवित्र जल समा जाता है।’
‘इसका मतलब तो गोदावरी बहुत लम्बी नदी है।’ 
‘हां, दक्षिण भारत की तो यह सबसे लम्बी नदी है और गंगा के बाद भारत की दूसरी सबसे लम्बी नदी है। इसकी लम्बाई लगभग 1,465 किमी है जबकि गंगा 2,525 किमी लम्बी है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#दक्षिणी गंगा कौन-सी नदी है ?