त्रिपक्षीय मक्का रक्षा समझौता नये क्षेत्रीय गठबंधन का प्रयास

7 अगस्त, 2026 को सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का में ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौता’ पर हस्ताक्षर किए। यह इस्लामिक नाटो जैसा आपसी रक्षा समझौता है। ईरान के हमलों का कोई जवाब न मिलने और यमन में युद्ध-विराम के टूटने के बाद अमरीका की सुरक्षा पर संदेह पैदा हुआ, जिससे यह समझौता हुआ। यह समझौता क्षेत्रीय गठबंधनों को बदल रहा है। इससे ईरान परेशान है, इज़राइल घबराया हुआ है और भारत भी कड़ी नज़र रख रहा है, खासकर गलत सूचनाओं के फैलने के बीच। सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेपतैयपएर्दोगन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने उक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते में कहा गया है कि तीनों देशों में से किसी एक पर भी सशस्त्र हमला उन सभी पर हमला माना जाएगा। इस तरह की भाषा आमतौर पर नाटो समझौते की धारा-5 से जुड़ी होती है। इसलिए समझौते के कुछ ही घंटों बाद इसकी तुलना ‘इस्लामिक नाटो’ या ‘सुन्नी नाटो’ से की जाने लगी।
रियाद, अंकारा या इस्लामाबाद के बजाय मक्का को चुनना अपने आप में एक संदेश था और शायद यह समझौते की किसी भी शर्त की तरह ही सोच-समझकर किया गया फैसला था। मक्का सरकार की सीट या राजनीतिक केंद्र नहीं है। यह इस्लाम का सबसे पवित्र स्थल है, हज का गंतव्य है और एक ऐसी जगह है जिसका अधिकार किसी एक देश की संप्रभुता से नहीं, बल्कि आस्था से आता है। वहां हस्ताक्षर करके, तीनों सरकारों ने सामान्य अंतर-राज्यीय कूटनीति से ऊपर उठकर काम किया। इस समझौते को केवल रियाद, अंकारा और इस्लामाबाद के बीच सुरक्षा का लेन-देन नहीं, बल्कि साझा धार्मिक पहचान से पवित्र हुआ एक काम बताया। उन्होंने ‘भाईचारे और इस्लामी एकजुटता के बंधन’ का ज़िक्र किया, जिसका उल्लेख उनके संयुक्त बयान में भी साफ तौर पर किया गया था। इस तरह से पेश करने का असल असर होता है। यह दो गैर-अरब देशों—तुर्की और पाकिस्तान को सऊदी अरब के नेतृत्व वाले क्षेत्रीय मामलों में वैधता का दावा करने का मौका देता है, जो सिर्फ रियाद के साथ समझौते से नहीं मिलता। साथ ही यह सऊदी अरब, जो इस्लाम की दो सबसे पवित्र मस्जिदों का संरक्षक है, को सिर्फ सहयोगी तलाशने वाले एक और खाड़ी देश के बजाय एक बड़े मुस्लिम समूह के नेता के तौर पर पेश करने में मदद करता है।
यह ईरान को भी साफ तौर पर संकेत देता है, जो अपनी क्षेत्रीय वैधता को एक प्रतिद्वंद्वी (शिया) धार्मिक ढांचे पर आधारित करता है कि सन्नी-बहुमत वाली ताकतें भी वैसी ही सभ्यतागत ताकत दिखा सकती हैं। साथ ही, यह जगह तीनों सरकारों को उस चीज़ को नरम दिखाने में मदद करती है जो असल में एक सख्त सैन्य प्रतिबद्धता है—मक्का में ‘पवित्र’ किए गए समझौते को घरेलू और क्षेत्रीय स्तर पर बेचना आसान होता है, इसे इस्लामी एकजुटता और ‘उम्मा’ (मुस्लिम समुदाय) की सामूहिक सुरक्षा के काम के तौर पर पेश किया जा सकता है, न कि ईरान को संतुलित करने और इज़राइल से बचाव के पारम्परिक गठबंधन के तौर पर, भले ही असल में यह वही है। ऊपर से देखने पर यह समझौता क्रांतिकारी नहीं लगता।
नई बात यह है कि इसमें तुर्की, जो नाटो की दूसरी सबसे बड़ी सैन्य ताकत है और तेज़ी से बढ़ती ड्रोन और रक्षा-निर्माण शक्ति है, शामिल हुआ है। साथ ही एक द्विपक्षीय समझ को त्रिपक्षीय, आपसी-रक्षा ढांचे में बदला गया है, जिसके बारे में तुर्की के अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से अन्य क्षेत्रीय देशों के लिए भी खुला है। इसका समय कोई संयोग नहीं है। फरवरी के आखिर से, मध्य पूर्व ईरान के खिलाफ अमरीका-इज़राइल युद्ध में उलझा हुआ है। इस संघर्ष में खाड़ी देश, हूती, इराकी मिलिशिया और तेज़ी से सऊदी अरब खुद भी शामिल हो गए हैं। ईरानी मिसाइलों ने सऊदी ऊर्जा बुनियादी ढांचे और यहां तक कि क्षेत्र में अमरीकी ठिकानों पर भी हमला किया है। ज़्यादातर क्षेत्रीय जानकार मानते हैं कि रियाद को अमरीकी सुरक्षा की जो उम्मीद थी, वह पूरी नहीं हुई। वह विफलता ही अहम बात है।
अल जज़ीरा सेंटर फॉर स्टडीज़ के विश्लेषकों का मानना है कि अमरीकी सुरक्षा गारंटी को लेकर खाड़ी देशों में संदेह 2019 के अबकैक-खुरैस हमलों के समय से ही है, लेकिन उनका कहना है कि फरवरी 2026 के बाद यह संदेह तेज़ी से गहरा गया, जब सऊदी और कतरी ऊर्जा ठिकानों पर ईरानी हमलों का अमरीका ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। इसके साथ ही एक और ज़्यादा ज़रूरी इमरजेंसी भी जुड़ी है सऊदी-हूती युद्ध-विराम का टूटना। मक्का में समझौते पर दस्तखत होने से कुछ दिन पहले, ईरान के समर्थक हूती लड़ाकों ने यमन सरकार के दर्जनों सैनिकों को मार डाला और जिज़ान और यानबू में सऊदी अरामको की सुविधाओं पर मिसाइलें और ड्रोन दागे। हूतियों का कहना है कि यह होदेइदाह पर सऊदी हमलों का बदला था। क्या यह सच में एक सामूहिक सुरक्षा गुट बनेगा या फिर आलोचकों के कहे अनुसार सिर्फ कागज़ी समझौता बनकर रह जाएगा। (संवाद)

#त्रिपक्षीय मक्का रक्षा समझौता नये क्षेत्रीय गठबंधन का प्रयास