अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल ठप: ग्राउंड स्टॉप हटा, 13 हज़ार उड़ानों पर पड़ा असर
नई दिल्ली, 14 नवंबर - अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार और रडार प्रणाली में आई भीषण तकनीकी खराबी के बाद लागू किया गया देशव्यापी 'ग्राउंड स्टॉप' (विमानों की उड़ानों पर रोक) अब हटा लिया गया है। हालांकि, इस आपातकालीन फैसले के कारण देश भर में 13,000 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण की पहचान कर ली गई है और अमेरिकी एयरस्पेस को फिर से खोल दिया गया है। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी है कि उड़ानें तुरंत पूरी तरह सामान्य नहीं होंगी बल्कि उन्हें चरणबद्ध (धीरे-धीरे) तरीके से बहाल किया जा रहा है। इसलिए यात्री हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क जरूर करें।

