30 बार एवरेस्ट फतेह करने वाले इकलौते पर्वतारोही कामी रीता

एवरेस्ट पर चढ़ाई के दौरान होती मौतों और लगातार बढ़ती भीड़ के बावजूद नए-नए बनते रिकॉर्ड और उपलब्धियां अब एवरेस्ट का पर्याय बन गए हैं। एवरेस्ट पर चढ़ाई का रिकॉर्ड बनाने वालों में यदि सबसे ऊपर किसी का नाम आता है तो वो है कामी रीता शेरपा, जिनकी खासियत यही है कि वे हर बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हैं। ‘एवरेस्ट मैन’ के नाम से विख्यात नेपाल के जाने-माने पर्वतारोही और गाइड कामी रीता शेरपा ने हाल ही में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का बेहद चौंका देने वाला रिकॉर्ड बनाकर हर किसी को दांतों तले उंगलियां दबाने पर विवश कर दिया। अपने बुलंद हौसलों से लगातार 29 बार माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई छूने वाले कामी रीता शेरपा ने एक बार फिर 30वीं बार विश्व की सबसे ऊंची एवरेस्ट की चोटी पर झंडा गाड़कर साबित कर दिया कि बुलंद हौसलों के आगे बड़े से बड़े पहाड़ भी कदमों में झुक जाते हैं। कामी रीता 30 वर्षों में 30 बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने वाले दुनिया के इकलौते पर्वतारोही हैं और सबसे विशेष बात यह है कि एक ओर जहां एवरेस्ट के शिखर पर चढ़ने में पर्वतारोहियों को कई-कई दिन लग जाते हैं, वहीं कामी रीता केवल 10 दिन में ही दो बार एवरेस्ट की चोटी पर जा पहुंचे। ऐसे में इतने कम समय में यह कारनामा करना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। कामी रीता शेरपा ने इस वर्ष अप्रैल महीने के अंत में 20 पर्वतारोहियों वाले पर्वतारोहण अभियान दल के साथ काठमांडू से अपने एवरेस्ट अभियान का श्रीगणेश किया था और 12 मई 2024 की सुबह 29वीं बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़कर अपना ही गत वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ा था।
कामी रीता ने 29वें एवरेस्ट मिशन पर जाते समय कहा था कि मैं 29वीं बार सागरमाथा पर चढ़ने जा रहा हूं और मेरा पर्वतारोहण के सिवाय कोई दूसरा लक्ष्य नहीं है। उन्होंने एवरेस्ट पर रवाना होने से पहले यह भी कहा था कि यदि चीजें योजना के मुताबिक रही तो वह इस साल भी दो बार एवरेस्ट पर चढ़ सकते हैं और इस बारे में ‘सेवन समिट ट्रैक्स’ के अध्यक्ष मिंगमा शेरपा का भी कहना था कि यह उस पर निर्भर करता है कि वह दोबारा कब चढ़ना चाहता है, हमें इसमें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन इसका अंदाजा मिंगमा शेरपा को भी नहीं था कि कामी रीता इतनी जल्दी एवरेस्ट पर दोबारा चढ़ जाएगा। कामी रीता शेरपा काफी समय से नेपाल की इस कम्पनी के साथ वरिष्ठ पर्वतीय गाइड के रूप में जुड़े हैं। सागरमाथा चढ़ाई के 71 साल के लंबे इतिहास में कामी शेरपा अब दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सबसे ज्यादा बार चढ़ने का रिकॉर्ड बनाने वाले पर्वतारोही हैं। नेपाल के पर्यटन विभाग के निदेशक राकेश गुरुंग के मुताबिक 54 वर्षीय यह अनुभवी पर्वतारोही 12 मई को स्थानीय समयानुसार सुबह 7:25 बजे 8849 मीटर की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक पहुंचा था और उसके बाद 22 मई की सुबह 7:49 बजे एक बार फिर उसने एवरेस्ट की चोटी पर कदम रखे। एवरेस्ट पर 30 वर्षों में 30 बार चढ़ाई करना इसलिए भी बेहद मायने रखता है क्योंकि विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ना आज भी भले ही दुनिया का सबसे बड़ा कारनामा माना जाता है किन्तु वास्तविकता यही है कि यह सपना चंद पर्वतारोहियों का ही पूरा हो पाता है और कामी रीता तो इस सफलता को लगातार 30 बार हासिल कर चुके हैं।
लाखों-करोड़ों लोगों का सपना होता है कि वे जीवन में कम से कम एक बार एवरेस्ट को छू सकें और यह हसरत दुनियाभर में गिने-चुने लोगों की ही पूरी होती है, वहीं 54 वर्षीय कामी रीता शेरपा ने पिछले वर्ष 8848.86 मीटर की सबसे ऊंची चोटी पर केवल एक सप्ताह में दो बार चढ़ाई की थी और तभी उन्हें माउंट एवरेस्ट की सबसे सफल चढ़ाई का खिताब मिला था। 28वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करते ही कामी माउंट एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा बार चढ़ने वाले पर्वतारोही बन गए थे। उस दौरान वे केवल एक हफ्ते में ही शिखर पर पहुंच गए थे। 2023 में एवरेस्ट पर अपनी 27वीं चढ़ाई पूरी करते ही कामी रीता शेरपा ने नेपाल के ही पसांग दावा शेरपा के एवरेस्ट फतेह के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी और मई 2023 में उन्होंने दावा शेरपा के साथ बने टाई रिकॉर्ड को पार करते हुए एवरेस्ट की अपनी 28वीं चढ़ाई पूरी करने के साथ ही सबसे ज्यादा बार एवरेस्ट फतेह करने का रिकॉर्ड बनाया था।
कामी रीता शेरपा को पहाड़ों की ऊंचाईयों को नापने का हुनर विरासत में मिला है। 1950 में उनके पिता पहले पेशेवर शेरपा गाइडों में से एक थे। उनके भाई लकपा रीता भी एक गाइड थे, जिन्होंने 17 बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी। कामी रीता 2017 में 21 बार माउंट एवरेस्ट के शिखर पर पहुंचने वाले तीसरे व्यक्ति थे, उनसे पहले यह रिकॉर्ड अपा शेरपा और फुरबा ताशी शेरपा के नाम दर्ज था लेकिन बुलंद हौंसलों के बल पर कामी रीता शेरपा ने 48 वर्ष की उम्र में 16 मई 2018 को 22 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था। हालांकि उस विराट उपलब्धि को हासिल करने के बाद उन्होंने कहा था कि उन्होंने रिटायर होने से पहले एवरेस्ट पर 25 बार चढ़ने की योजना बनाई है और यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है कि उस 25 के आंकड़े को वह बहुत पीछे छोड़ चुके हैं और अभी तक 30 बार एवरेस्ट को नाप चुके हैं। कामी रीता ने 2009, 2010, 2013, 2019, 2023 और 2024 में दो-दो बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की है।
नेपाल के सोलुखुम्बु के एक छोटे से गांव थामे में 17 जनवरी 1970 को जन्मे कामी रीता शेरपा को छोटी उम्र से ही चढ़ाई करने का गहरा शौक था। 12 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप तक पर्वतारोहियों के लिए ज़रूरी सामान पहुंचाने का काम शुरू कर दिया था और करीब 11 वर्षों तक लगातार यही काम करते रहे। अपनी पर्वतारोहण यात्रा की शुरूआत उन्होंने 1992 में की थी और उस समय वह एक सहायक स्टाफ सदस्य के रूप में एवरेस्ट के अभियान में शामिल हुए थे। 13 मई, 1994 को उन्होंने 24 वर्ष की उम्र में एवरेस्ट पर अपनी पहली चढ़ाई पूरी की थी और तभी से तीन दशक से वे लगातार एवरेस्ट पर चढ़ रहे हैं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार शेरपा ने अपनी पहली चढ़ाई के बाद से लगभग हर वर्ष एवरेस्ट पर चढ़ाई की है और अब तक वह कुल 30 बार चढ़ाई कर चुके हैं। हालांकि नेपाल सरकार द्वारा बीच में कुछ अवसरों पर चढ़ाई पर प्रतिबंध लगा देने के कारण वे एवरेस्ट पर नहीं चढ़ सके थे। शेरपा ने एवरेस्ट के अलावा माउंट के 2, माउंट मनास्लुए माउंट चो ओयू और माउंट ल्होत्से सहित अन्य प्रमुख चोटियों पर भी विजय प्राप्त की है। उन्होंने 2001, 2004, 2006, 2009, 2011, 2013, 2014 और 2016 में चो-ओयू पर कुल आठ बार, 2011 में ल्होत्से पर एक बार और 2014 में के 2 पर एक बार चढ़ाई की है। शेरपा के तौर पर सेवन समिट्स (दुनिया के सात महाद्वीपों में स्थित सात सबसे ऊंची चोटियां) तक पहुंचने वाले पहले नेपाली व्यक्ति का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।
मो. 9416740584

#30 बार एवरेस्ट फतेह करने वाले इकलौते पर्वतारोही कामी रीता