स्वास्थ्य हेतु आवश्यक है सलाद का सेवन

भोजन में सलाद का विशेष महत्त्व है। सलाद में ऐसी सब्जियों को जिन्हें कच्चा खाया जा सकता है, लिया जाता है। नित्य-प्रति भोजन के साथ सलाद का सेवन करने से कभी डॉक्टर की आवश्यकता नहीं रहती। आहार ही प्राणी का सर्वोत्तम डॉक्टर है। संतुलित भोजन के सेवन से संक्रामक रोगों से जहां बचा जा सकता है वहां पौष्टिक तत्वों के सेवन से शरीर का सुचारू रूप से विकास भी होता है। अनियमित भोजन से मनुष्य विभिन्न रोगों का शिकार हो जाता है जो अंत में उग्र रूप धारण कर लेते हैं।सलाद का भोजन के साथ प्रमुख स्थान होने का मुख्य कारण इसमें सभी विटामिनों, पौष्टिक तत्वों, लोहा, फास्फोरस, गंधक, कार्बोहाइड्रेटस, वसा, प्रोटीन आदि का होना है। मूली, गाजर, टमाटर, बंदगोभी, प्याज, हरी मिर्च, नींबू अदरक आदि के कच्चा खाने पर मूल रूप से अधिक से अधिक विटामिन प्राप्त हो जाते हैं जो स्वास्थ्य बनाए रखने हेतु लाभदायक हैं। सब्जियों को उबाल कर बनाने से विटामिन्स नष्ट हो जाते हैं अथवा शरीर को आवश्यकतानुसार नहीं मिल पाते। यदि सलाद के साथ-साथ पोदीने की चटनी का सेवन करें तो यह अति गुणकारी होता है। इससे पाचन क्रि या सुदृढ़ होती है। भोजन शीघ्र पचता है।
मूली से विटामिन बी,सी और गाजर से विटामिन ए, सी, लोहा तथा शलजम से विटामिन बी, सी, अधिक एवं वसा की कम प्राप्ति होती है। प्याज में विटामिन बी, सी, गन्धक, फास्फोरस पर्याप्त मात्र में मिलता है। बंदगोभी से तो विटामिन ए, बी, सी, के अतिरिक्त कार्बोहाइडे्रट्स, लवण और वसा की प्राप्ति में बहुत लाभ है। टमाटर से भी विटामिन ए, बी, सी के साथ कार्बोज, प्रोटीन, वसा आदि प्राप्त होता है। नींबू से भरपूर विटामिन सी मिलता है। चुकन्दर तो पूर्ण स्वास्थ्यवर्धक है। चुकन्दर, मूली, शलजम आदि के मुलायम पत्तों को भी सलाद रूप में सेवन करने से सर्वाधिक विटामिन मिलते हैं। वृद्धावस्था में सलाद का खाना एक समस्या बन जाता है। इसके लिए सलाद को जहां तक हो सके, तरल एवं बारीक बनाया जा सकता है। मूली, गाजर, शलजम, अदरक आदि को कसकर और टमाटर का जूस निकाल कर आसानी से सलाद के रूप में सेवन किया जा सकता है। अत: सलाद बच्चों, बूढ़़ों, जवानों एवं महिलाओं आदि के लिए सेवन करना अति गुणकारी है क्योंकि यह स्वयं में एक वैद्य है। यह शरीर में सभी कमियों को दूर कर रक्त को शुद्ध कर पूर्ण स्वास्थ्य लाभ पहुंचाता है जिसके कारण  मानव अनेक रोगों का शिकार हो जाता है।

(स्वास्थ्य दर्पण)