ओडिशा की महानदी में बड़ा हादसा: 50 लोगों को लेकर जा रही नाव पलटी, अब तक 7 लोगों की मौत  

भुवनेश्वर, 20 अप्रैल - ओडिशा के झारसुगुड़ा में कल शुक्रवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 50 यात्रियों को लेकर जा रही नाव महानदी में पलट गई। इस घटना में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। जो लोग लापता थे, उनके शव मिले हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक  ने मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है। यह घटना झारसुगुड़ा के लखनपुर ब्लॉक के अंतर्गत सारदा के पास महानदी नदी में हुई है। यहां एक नाव बच्चों और महिलाओं को लेकर जा रही थी, जो किसी कारण से पलट गई। इस घटना में 7 लोगों की मौत हुई है नाव जैसे ही पलटी, वैसे ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। रोने-चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं स्थानीय मछुआरों को भी घटना की खबर लग गई। स्थानीय मछुआरों ने तुरंत अपने स्तर से लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया।