अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सेवामुक्त सूबेदार के घर पर फायरिंग 

काला अफगाना, 26 जनवरी - (अवतार सिंह रंधावा) - बीती रात गांव खोदे बागर में कार सवार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सेवामुक्त सूबेदार अवतार सिंह के घर पर फायरिंग किये जाने का मामला सामने आया है। इस संबंधी पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवतार सिंह बीते दिन से विवाह समागम पर बाहर गए हुए थे। इस दौरान बीती रात कार में सवार होकर आये 3-4 मुंह ढके हुए हथियारबंद व्यक्तियों ने उनके घर पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसके बाद अवतार सिंह का बेटा हरपाल सिंह जोकि मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है और छुट्टी पर आया हुआ था, जब उसने घर में पड़ी राइफल के साथ फायर किये तो उक्त हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस की ओर से उक्त हमलावरों की तलाश की जा रही है।