राजस्व विभाग के पटवारियों पर विजीलैंस ने कसा शिकंजा

फाजिल्का, 13 जुलाई (दविन्द्रपाल सिंह): पंजाब का पुलिस विजीलैंस विभगा इन दिनों माल विभाग के पटवारियों के पीछे लगा हुआ है। जिसका मुख्य कारण माल विभाग के पटवारियों द्वारा अपने कामकाज के लिए निजी तौर पर लड़के रखे हुए हैं, पंजाब सरकार को ऐसी सैंकड़ों शिकायतें मिली थी कि माल विभाग का रिकार्ड इन प्राइवेट लड़कों के हवाले है। सरकार हरकत में गई और यह मामला पुलिस विजीलैंस के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार विजीलैंस ने प्रदेश के करीब डेढ़ दर्जन जिलों के 300 पटवारियों की सूची तैयार की है। जिन्होंने अपने काम करवाने के लिए आगे प्राइवेट लड़के रखे हुए हैं। जो माल विभाग के पटवारियों का पूरा कामकाज संभालते हैं। सूत्र बताते हैं कि कई ऐसे पटवारी भी हैं, जिन्हाेंने 3-4 लड़के भी रखे हुए हैं। अब जब विजीलैंस विभाग ने ऐसे काम की घेराबंदी की तो पटवारियों ने लड़कों को भगा दिया है। यदि देखा जाए तो सरकार द्वारा देरी से उठाया गया यह सही कदम है क्योंकि इन्हें यदि ज़मीनी तौर पर देखें तो इन निजी करिंदों के हाथों में राजस्व विभाग का रिकार्ड सुरक्षित नहीं था। राजस्व विभाग के सूत्रों के अनुसार विभाग में पटवारियों के 4716 पद मंजूर हैं, जिनमें 2600 भरे हुए हैं और 2116 पद रिक्त हैं। 2022 तक करीब 800 पटवारी और सेवानिवृत हो जाएंगे। इसी तरह सरकार काम पंजाब का 2200 पटवारियों पर आ जाएगा। राजस्व विभाग के कर्मचारियों व लोगों की यह मांग है कि राजस्व पटवारियों के रिक्त सभी पद भरे जाएं ताकि राजस्व विभाग का रिकार्ड भी सुरक्षित रहे और युवाओं को रोज़गार भी मिल सके। राजस्व मंत्री द्वारा 1300 और पटवारी भर्ती करने की बातें कही जा रही हैं परंतु यह काम कब पूरा होगा, यह तो समय ही बताएगा।

#शिकंजा