अमरीका ने भारत से चुराई दो प्राचीन मूर्तियां लौटाईं

न्यूयार्क, 6 सितम्बर (भाषा) : दो अमेरिकी संग्रहालयों में प्रदर्शित भारत से चुराई गई हजारों डॉलर की 2 प्राचीन मूर्तियां अमरीका ने भारत को लौटा दी हैं। पहली मूर्ति ‘लिंगोधभवमूर्ति’ 12वीं सदी की है। भगवान शिव की ग्रेनाइट से निर्मित यह ऐतिहासिक मूर्ति चोल काल की है। फिलहाल इसकी कीमत 225,000 डॉलर आंकी गई है। इसे तमिलनाडु से चुराया गया था। दूसरी मूर्ति बोधिसत्व ‘मंजूश्री’ की मूर्ति है। उसके हाथ में तलवार है और मूर्ति सोने के रंग में रंगी है। 12वीं सदी की यह फिलाइट मूर्ति 1980 के दशक में बिहार में बोधगया के समीप के एक मंदिर से चुराई गई थी। इसका वर्तमान दाम करीब 275,000 डॉलर आंका गया है।