चन्द्रयान-3 परियोजना का काम शुरू

नई दिल्ली, 1 दिसम्बर (भाषा): सरकार ने चंद्रयान-3 परियोजना की तैयारी शुरू कर दी है और इसके लिए संसद से 75 करोड़ रुपए आवंटित करने की मंजूरी मांगी है। संसद में पेश वर्ष 2019-20 की पूरक अनुदान मांगों के दस्तावेज से यह जानकारी प्राप्त हुई है। चालू वित्त वर्ष के लिए अनुदान मांगों के पहले बैच के तहत सरकार ने अंतरिक्ष विभाग के मद में नई परियोजना चंद्रयान-3 के लिए उक्त धनराशि आवंटित करने की संसद से मंजूरी मांगी है। ये धनराशि दो श्रेणियों में मांगी गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश अनुदान की पूरक मांग संबंधी दस्तावेज में कहा गया है, ‘नई परियोजना अर्थात् चंद्रयान-3 के व्यय को पूरा करने के लिए 15 करोड़ रुपए अनुदान को मंजूरी दी जाए। इसमें कहा गया है कि नई परियोजना अर्थात् चन्द्रयान-3 के संदर्भ में मशीनरी और उपकरण तथा अन्य पूंजीगत व्यय के लिए 60 करोड़ रुपए अनुदान को मंजूरी दी जाए।